Uttarakhand

पूर्व सीएम खंडूरी की अंतिम विदाई पर भावुक हुए धामी… कंधा देकर अर्पित की श्रद्धांजलि

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ राजनेता भुवन चंद्र खंडूरी का मंगलवार को हुआ था निधन, उपराष्ट्रपति, राज्यपाल व कई राजनेता अंतिम यात्रा में हुए शामिल

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 20 मई 2026

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ राजनेता भुवन चंद्र खंडूरी को बुधवार को पूरे राजकीय सम्मान और भावपूर्ण माहौल में अंतिम विदाई दी गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी अंतिम यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान धामी भावुक दिखे। उन्होंने खंडूरी के पार्थिव शरीर को कंधा देकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

वसंत विहार स्थित उनके आवास से निकली अंतिम यात्रा में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल गुरमीत सिंह सहित बड़ी संख्या में राजनीतिक हस्तियां और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बाद में उनके पार्थिक शरीर को देहरादून के बीजेपी मुख्यालय लाया गया।

WhatsApp Image 2026-05-20 at 12.18.44 PM

श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भुवन चंद्र खंडूरी उनके लिए केवल एक वरिष्ठ नेता नहीं, बल्कि अभिभावक, प्रेरणास्रोत और मार्गदर्शक थे। उन्होंने कहा कि खंडूरी का अनुशासन, सादगी, राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण और पारदर्शी कार्यशैली सदैव प्रेरणा देती रहेगी। धामी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में खंडूरी द्वारा दिए गए संस्कार, मार्गदर्शन और आदर्श उनके लिए अमूल्य धरोहर हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास, सुशासन और स्वच्छ राजनीति के लिए खंडूरी का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। अंतिम यात्रा के दौरान लोगों की आंखें नम थीं। समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने ‘खंडूरी जी अमर रहें’ के नारों के बीच अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी। पूरे वातावरण में शोक और श्रद्धा का भाव व्याप्त रहा। अंत्येष्टि के लिए उनके पार्थिव शरीर को हरिद्वार के खड़खड़ी ले जाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने व शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। भुवन चंद्र खंडूरी का मंगलवार को निधन हो गया था।

भुवन चंद्र खंडूरी के पार्थिव शरीर को हरिद्वार स्थित खड़खड़ी घाट पर लाया गया। यहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान घाट पर बड़ी संख्या में समर्थक, कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button