Lucknow CityUttar Pradesh

महंगाई का फ्यूल अटैक… लखनऊ में पेट्रोल 99.31 रुपये पहुंचा, 10 दिन में तीसरी बढ़ोतरी से लोग बेहाल

पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा, सीएनजी में भी एक रुपये का इजाफा, एक महीने में ईंधन कीमतों ने रसोई से सफर तक बिगाड़ा बजट

लखनऊ, 23 मई 2026:

महंगाई की मार झेल रहे लोगों को शनिवार सुबह एक और बड़ा झटका लगा। तेल कंपनियों ने पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में फिर बढ़ोतरी कर दी। यूपी की राजधानी लखनऊ में पेट्रोल की कीमत अब करीब 99.31 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। डीजल 92.70 रुपये प्रति लीटर हो गया। इससे आम आदमी की जेब पर दबाव और बढ़ गया है।

खास बात यह है कि पिछले 10 दिनों के भीतर ईंधन कीमतों में यह तीसरी बढ़ोतरी है। इसने लोगों की चिंता कई गुना बढ़ा दी है। लखनऊ में शुक्रवार 22 मई को पेट्रोल की कीमत 98.45 रुपये प्रति लीटर थी और शनिवार को इसमें 87 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसी तरह डीजल के दाम में 91 पैसे प्रति लीटर का इजाफा हुआ है। वहीं, सीएनजी की कीमतों में भी एक रुपये की बढ़ोतरी ने निजी वाहन चालकों से लेकर ऑटो और टैक्सी संचालकों तक की परेशानी बढ़ा दी है।

मई महीने की शुरुआत में यानी एक मई को लखनऊ में पेट्रोल 94.96 रुपये प्रति लीटर था लेकिन महज 23 दिनों में इसकी कीमत 99.31 रुपये तक पहुंच गई। यानी एक महीने से भी कम समय में पेट्रोल करीब साढ़े चार रुपये महंगा हो चुका है। पेट्रोल की न्यूनतम कीमत 94.96 रुपये और अधिकतम कीमत 99.31 रुपये दर्ज की गई है।

Petrol Price Hike Fuel Reaches ₹99.31 in Lucknow (1)

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव को इस तेजी की बड़ी वजह माना जा रहा है। सरकार का कहना है कि ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण तेल बाजार दबाव में है। इसका असर घरेलू कीमतों पर दिखाई दे रहा है।

राजधानी लखनऊ के साथ गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, अयोध्या, मुरादाबाद, आगरा और मथुरा समेत प्रदेश के कई शहरों मेंनए रेट जारी किए गए हैं। स्थानीय कर और परिवहन लागत के कारण जिलों में कीमतों में थोड़ा अंतर जरूर है लेकिन बढ़ती कीमतों का असर हर घर की रसोई, रोजमर्रा के खर्च और सफर के बजट पर साफ दिखाई देने लगा है। जनता के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पेट्रोल जल्द 100 रुपये के पार जाएगा?

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button