सीतापुर, 27 मई 2026:
सीतापुर के महमूदाबाद इलाके में बीमारी और अकेलेपन से परेशान एक बुजुर्ग ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुदकुशी कर ली। घटना सुबह मरहमतनगर गांव में हुई। परिवार के लोगों का कहना है कि पत्नी की मौत के बाद से वह लगातार तनाव और अवसाद में थे।
मरहमतनगर निवासी 60 वर्षीय राकेश मिश्र पिछले दो साल से पैरालिसिस की बीमारी से जूझ रहे थे। उनकी देखभाल पत्नी रजनी करती थीं, लेकिन करीब दो महीने पहले उनकी भी मौत हो गई। इसके बाद से राकेश काफी टूट गए थे और ज्यादातर वक्त चुप रहने लगे थे।
सुबह करीब साढ़े दस बजे राकेश ने घर के आंगन में अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली। गोली लगते ही उनकी मौके पर मौत हो गई। घटना की जानकारी पाकर क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव और कोतवाल भानु प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
छोटे बेटे मनीष मिश्र ने बताया कि मां की मौत के बाद पिता गहरे अवसाद में चले गए थे। बड़ा बेटा मोनू अपनी पत्नी के साथ लखनऊ में रहता है। परिवार के लोग भी उनकी मानसिक हालत को लेकर परेशान थे। घटना की सूचना पाकर बड़ा बेटा भी घर आ गया।






