राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 27 मई 2026:
उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लेते हुए राष्ट्रीय खेल 2025 के लिए तैयार की गई विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं को अब पे एंड प्ले व्यवस्था के तहत आम उपयोग के लिए खोल दिया है। सरकार के इस कदम को प्रदेश में खेल क्रांति की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।
खेल मंत्री रेखा आर्या के मुताबिक सरकार का उद्देश्य खेल परिसरों को केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित रखना नहीं है। उन्हें प्रतिभा निखारने और नियमित प्रशिक्षण का मजबूत केंद्र बनाना है। उन्होंने कहा कि अब उत्तराखंड के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाओं के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
खेल विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार देहरादून के रजत जयंती खेल परिसर, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज और परेड ग्राउंड समेत कई प्रमुख खेल परिसरों को खिलाड़ियों के लिए खोल दिया गया है। यहां एथलेटिक्स, शूटिंग, स्क्वैश, इक्वेस्ट्रियन, आइस स्पोर्ट्स, क्रिकेट, बॉलिंग, फेंसिंग, जिम्नास्टिक, लॉन टेनिस, पिकलबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, फुटबॉल, हॉकी और स्विमिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

खिलाड़ियों को सिंथेटिक ट्रैक, अत्याधुनिक जिम उपकरण, स्विमिंग लेन, चेंजिंग रूम, वॉशरूम और कोचिंग सहायता जैसी सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा। अलग-अलग खेलों के लिए प्रति घंटा शुल्क और मासिक सदस्यता शुल्क तय किए गए हैं। इससे खिलाड़ी अपनी सुविधा के अनुसार अभ्यास कर सकेंगे।
सरकार का मानना है कि इस नई व्यवस्था से एक ओर खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग सुविधाएं मिलेंगी वहीं दूसरी ओर खेल विभाग को मिलने वाला राजस्व खेल ढांचे के रखरखाव और भविष्य के विकास कार्यों में इस्तेमाल किया जाएगा।
सरकार ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश तथा देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को दस्तावेज सत्यापन के बाद निशुल्क सुविधा देने का भी प्रावधान किया है। इसके साथ ही प्रतिभावान खिलाड़ियों की खोज के लिए विशेष स्काउटिंग कार्यक्रम शुरू करने की योजना भी बनाई जा रही है। बुकिंग और स्लॉट की पूरी प्रक्रिया यूनिफाइड स्पोर्ट्स पोर्टल के जरिए संचालित होगी। इससे पारदर्शिता और सुविधा दोनों सुनिश्चित की जा सकेंगी।






