Ayodhya

रामनगरी में दो वाहन धधके… राम मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की अटकी सांसें, ऐसे बची जान

लता मंगेशकर चौक के पास नयाघाट क्षेत्र में ऑटो और रुदौली कोतवाली क्षेत्र में कार में लगी आग, राम मंदिर के दर्शन कर लौट रहे थे यात्री, फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर पाया काबू

अनिल निषाद

अयोध्या, 27 मई 2026ः

रामनगरी अयोध्या में आधा दर्जन श्रद्धालुओं की सांसें उस समय अटक गईं, जब दो वाहन अचानक धधक उठे। वाहनों में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें देख उसमें सवार लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई। पहली घटना बुधवार सुबह लता मंगेशकर चौक के पास नयाघाट क्षेत्र में हुई। वहीं, दूसरी घटना रुदौली कोतवाली क्षेत्र में हुई। सभी लोग रामलला के दर्शन कर लौट रहे थे।

एक ऑटो में सवार पांच श्रद्धालु बुधवार सुबह रामलला के दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान लता मंगेशकर चौक के पास नयाघाट क्षेत्र में ऑटो में आग लग गई। आग देख उसमें सवार लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई।

WhatsApp Image 2026-05-27 at 12.01.08 PM

काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक ऑटो पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, सभी लोग सुरक्षित हैं और उन्हें दूसरे वाहन से रवाना कर दिया गया।

रुदौली कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात रामलला के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार नेशनल हाईवे-27 स्थित रौजागांव ओवरब्रिज पर अचानक आग की चपेट में आ गई। कार में चालक समेत चार लोग सवार थे। आग देख उसमें सवार लोगों की धड़कनें तेज हो गईं। सभी ने जल्दी से बाहर निकल कर अपनी जान बचाई।

आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस दौरान स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button