National

दिल्ली से पंजाब तक BJP का बड़ा दांव… चार राज्यों में बदले संगठन के चेहरे

दिल्ली की कमान हर्ष मल्होत्रा, पंजाब में केवल सिंह ढिल्लों, हरियाणा में अर्चना गुप्ता को संगठन की जिम्मेदारी मिली, त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया

न्यूज डेस्क, 28 मई 2026:

भाजपा ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में नए प्रदेश अध्यक्षों के नामों का ऐलान कर दिया है। दिल्ली में केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं पंजाब की जिम्मेदारी केवल सिंह ढिल्लों को सौंपी गई है। हरियाणा में अर्चना गुप्ता को संगठन की कमान मिली है, जबकि त्रिपुरा में अभिषेक देबराय को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

इन नियुक्तियों को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में अंतिम रूप दिया गया। भाजपा ने अलग-अलग राज्यों में नए चेहरों के जरिए संगठन को नई धार देने की कोशिश की है। केवल सिंह ढिल्लों पंजाब की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वह बरनाला सीट से 2012 से 2017 तक विधायक रहे। ढिल्लों पहले कांग्रेस में थे और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी नेताओं में गिने जाते थे। जून 2022 में उन्होंने भाजपा का दामन थामा था।

दिल्ली भाजपा के नए अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा पूर्वी दिल्ली से लोकसभा सांसद हैं। 2024 के चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद वह केंद्र सरकार में कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय में राज्य मंत्री बने। इसके साथ ही सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय में भी राज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

त्रिपुरा में अभिषेक देबराय माताबाड़ी विधानसभा सीट से विधायक हैं। उन्होंने 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के तौर पर जीत हासिल की थी। पार्टी ने अब उन्हें प्रदेश संगठन की कमान दी है। हरियाणा भाजपा की नई अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने नियुक्ति के बाद सोशल मीडिया पर पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने लिखा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि हर उस कार्यकर्ता का है जो संगठन की विचारधारा और राष्ट्र सेवा के लिए लगातार काम कर रहा है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button