Uttarakhand

खाई में गिरी ईको वैन… दंपति व बेटे की मौत, अपने रिश्तेदार का शव लेकर लौट रहे थे गांव

चमोली के देवाल क्षेत्र में हुआ हादसा, चालक को झपकी आने से वाहन खाई में गिरा, घायलों को अस्पताल भेजा गया, डीडीआरएफ और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान

राजकिशोर तिवारी

चमोली, 30 मई 2026ः

उत्तराखंड के चमोली जनपद के देवाल क्षेत्र में शनिवार तड़के एक ईको वैन के गहरी खाई में गिरने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ग्राम ल्वाणी के पास हुआ। हादसा चालक को झपकी आने के कारण होना बताया जा रहा है।

ग्राम बांक, लोहाजंग निवासी बलबीर सिंह अपने रिश्तेदार स्वर्गीय भजन सिंह का पार्थिव शरीर एम्बुलेंस से लेकर देहरादून से गांव आ रहे थे। भजन सिंह की देहरादून में एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। बलबीर सिंह अपने परिवार के साथ ईको वैन से थे। इसमें छह लोग सवार थे। इसी दौरान ग्राम ल्वाणी के जंगल क्षेत्र में वाहन करीब 400 से 500 मीटर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस और डीडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया।

Tragic Accident Couple and Son Dead in Uttarakhand (1)

टीम ने तीनों घायलों कविता देवी (32 वर्ष) पत्नी खुशहाल सिंह, मयंक सिंह (8 वर्ष) पुत्र कुशाल सिंह और रोशनी (18 वर्ष) पुत्री लक्ष्मण सिंह को कड़ी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। मृतकों में बलबीर सिंह (52 वर्ष), उनकी पत्नी शांति देवी (48 वर्ष) और बेटा आंशु बिष्ट (18 वर्ष) शामिल है। बताया जा रहा है कि चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया था।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button