लखनऊ, 31 मई 2026:
नौतपा के दौरान भी यूपी का मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे प्रदेशवासियों को आंधी-बारिश ने राहत दी है। इसके ही जानमाल का नुकसान भी हुआ। आज भी आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही संकेत दिए हैं कि मौजूदा मौसम प्रणाली कमजोर पड़ने के बाद जून के पहले सप्ताह में तापमान फिर 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ बारिश होने और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मध्य पाकिस्तान के ऊपर बने चक्रवाती हवाओं के घेरे और आंध्र प्रदेश तट तक फैली ट्रफ लाइन के कारण प्रदेश में मौसम का यह बदलाव देखने को मिल रहा है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाएं और पश्चिमी विक्षोभ से पहुंच रही ठंडी व शुष्क हवाओं के टकराव से घने बादल बन रहे हैं। इससे आंधी, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं।
गत दिनों हुई बारिश और आंधी का असर पूरे प्रदेश में तापमान पर साफ दिखाई दिया। कई शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। बांदा में पारा सामान्य से 7.4 डिग्री कम होकर 36.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हमीरपुर में यह 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 7.2 डिग्री कम रहा। झांसी और आगरा में भी अधिकतम तापमान सामान्य से 7.2 डिग्री नीचे रहकर क्रमशः 36.9 और 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो शनिवार को सबसे ज्यादा वर्षा बहराइच में 18 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा मुजफ्फरनगर में 12.2 मिमी, लखीमपुर खीरी में 5 मिमी और नजीबाबाद में 3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, जौनपुर, आजमगढ़, बहराइच, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत, झांसी, हमीरपुर, महोबा समेत कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।






