सीतापुर, 31 मई 2026:
सीतापुर पुलिस ने कई जिलों में सक्रिय एक शातिर बुआ-भतीजी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह ज्वेलर्स की दुकानों को निशाना बनाता था और खरीदारी का बहाना बनाकर दुकानदारों की नजर बचते ही कीमती जेवर लेकर फरार हो जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवर, घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और अन्य सामान बरामद किया है।
कस्बा लहरपुर के केसरीगंज स्थित ज्वेलर्स की दुकान पर 17 मई को दो महिलाएं खरीदारी के बहाने पहुंची थीं। इसी दौरान उनका एक साथी भी आसपास मौजूद था। दुकानदार जब दूसरा सामान निकालने के लिए पीछे मुड़ा तो महिलाओं ने काउंटर पर रखे करीब दो लाख रुपये कीमत के जेवर पार कर दिए और मौके से निकल गईं।
घटना के बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और लखीमपुर खीरी रोड स्थित नवीनगर इलाके से मोहिनी देवी, उसकी भतीजी दीप्ती राज और उनके साथी रंजीत कुमार पाल को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देता था। महिलाएं ग्राहकों की तरह दुकानों में प्रवेश करती थीं और बातचीत में उलझाकर दुकानदार का ध्यान भटकाती थीं। इसी बीच मौका मिलते ही जेवर लेकर निकल जाती थीं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सीतापुर, लखीमपुर खीरी और बहराइच समेत कई जिलों में चोरी और धोखाधड़ी के मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह की अन्य वारदातों और संभावित साथियों की जानकारी जुटा रही है।






