Sports

IPL 2026 : RCB की बादशाहत बरकरार… अडिग विराट के आगे गुजरात ढेर, फिर पहना चैंपियन का ताज

गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर फाइनल में दिखाया दम, विराट कोहली ने चोट के बावजूद खेली नाबाद 75 रन की मैच जिताऊ पारी, गेंदबाजों ने पहले गुजरात को 155 रन पर रोका, रसिख सलाम, भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने जीत की मजबूत नींव रखी

स्पोर्ट्स डेस्क, 1 जून 2026:

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में विराट कोहली ने नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेली और विजयी छक्का लगाकर टीम को यादगार जीत दिलाई। आरसीबी ने 18 ओवर में पांच विकेट पर 161 रन बनाकर लक्ष्य हासिल किया और एक बार फिर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।

फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में आरसीबी के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी टीम ने गुजरात टाइटंस को 20 ओवर में आठ विकेट पर 155 रन तक सीमित कर दिया। पूरी पारी के दौरान गुजरात के बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना सके और लगातार दबाव में नजर आए।

WhatsApp Image 2026-06-01 at 7.16.08 AM

गुजरात को अपने सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल और साई सुदर्शन से बड़ी शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन आरसीबी के गेंदबाजों ने उनकी योजनाओं पर शुरुआती ओवरों में ही पानी फेर दिया। गिल 10 रन बनाकर जोश हेजलवुड का शिकार बने, जबकि सुदर्शन 12 रन पर भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर विकेटकीपर जितेश शर्मा को कैच दे बैठे।

दोनों सलामी बल्लेबाजों के जल्दी लौटने के बाद गुजरात की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। जोस बटलर ने कुछ अच्छे शॉट लगाए, लेकिन वह भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और 19 रन बनाकर आउट हो गए। निशांत सिंधु ने 20 रन बनाए, जबकि राहुल तेवतिया भी ज्यादा देर नहीं टिक सके।

एक छोर पर विकेट गिरते रहे, लेकिन वॉशिंगटन सुंदर ने धैर्य के साथ बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने 37 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से नाबाद 50 रन बनाए और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। अरशद खान ने भी 15 रन की उपयोगी पारी खेली।

WhatsApp Image 2026-06-01 at 7.16.07 AM

आरसीबी की तरफ से युवा तेज गेंदबाज रसिख सलाम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लिए। उन्होंने गुजरात के मध्यक्रम को झकझोर दिया। भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने दो-दो विकेट झटके, जबकि कृणाल पांड्या को एक सफलता मिली। गेंदबाजों ने पूरी पारी में लाइन और लेंथ पर शानदार नियंत्रण बनाए रखा, जिससे गुजरात बड़े शॉट खेलने के लिए जूझती रही।

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी ने सकारात्मक शुरुआत की। विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 27 गेंदों में 62 रन जोड़कर मैच का रुख शुरुआती दौर में ही अपनी टीम की तरफ मोड़ दिया।

वेंकटेश अय्यर ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों पर 32 रन बनाए। उनकी पारी में चार चौके और दो छक्के शामिल रहे। उन्होंने कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज के खिलाफ खुलकर शॉट लगाए और गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।

दूसरे छोर पर विराट कोहली शुरुआत से लय में दिखाई दिए। उन्होंने पावरप्ले के दौरान ही कई आकर्षक चौके लगाए और रन गति को लगातार ऊंचा रखा। कोहली ने सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो आईपीएल में उनके सबसे तेज अर्धशतकों में से एक है।

आरसीबी को हालांकि बीच के ओवरों में कुछ झटके भी लगे। वेंकटेश अय्यर के आउट होने के बाद देवदत्त पडिक्कल सिर्फ एक रन बनाकर लौट गए। कप्तान रजत पाटीदार 15 रन और कृणाल पांड्या एक रन बनाकर राशिद खान का शिकार बने। कुछ समय के लिए लगा कि गुजरात मुकाबले में वापसी कर सकती है।

WhatsApp Image 2026-06-01 at 7.16.08 AM (1)

राशिद खान ने अपने स्पेल में दो महत्वपूर्ण विकेट लेकर आरसीबी को दबाव में डालने की कोशिश की, लेकिन विराट कोहली ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने जोखिम भरे शॉट खेलने के बजाय परिस्थितियों के मुताबिक बल्लेबाजी की और जरूरत पड़ने पर तेजी से रन भी बटोरे।

पारी के दौरान कोहली को पैर में तकलीफ भी हुई। फिजियो को दो बार मैदान पर आना पड़ा, लेकिन उन्होंने मैदान छोड़ने के बजाय बल्लेबाजी जारी रखी। दर्द के बावजूद उनका फोकस नहीं टूटा और उन्होंने टीम को जीत की राह पर बनाए रखा।

टिम डेविड ने भी अहम समय पर 24 रन की उपयोगी पारी खेली। उन्होंने कोहली के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी की और लक्ष्य को आसान बना दिया। डेविड के आउट होने के बाद जितेश शर्मा बल्लेबाजी के लिए आए और उन्होंने नाबाद 11 रन बनाकर जीत की औपचारिकता पूरी की।

अंत में विराट कोहली ने छक्का लगाकर मैच खत्म किया। उनकी 42 गेंदों की नाबाद 75 रन की पारी में नौ चौके और तीन छक्के शामिल रहे। स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों ने इस पल का जोरदार स्वागत किया।

इस जीत के साथ आरसीबी ने लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने का गौरव हासिल किया। पूरे सीजन टीम ने आक्रामक क्रिकेट खेली और फाइनल में भी उसी अंदाज में प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। गेंदबाजों की अनुशासित गेंदबाजी और विराट कोहली की जिम्मेदार पारी ने आरसीबी को एक बार फिर आईपीएल की बादशाहत दिला दी।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button