Lucknow City

अहिल्या नगर में मनाई ‘वीरांगना’ की जयंती… प्रतिमा का अनावरण कर सुशासन को याद किया

अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर कुशमौरा में हुआ समारोह, सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने दी श्रद्धांजलि, सरकार पर दागे सवाल

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 31 मई 2026:

मोहनलालगंज क्षेत्र के कुशमौरा स्थित अहिल्या नगर नई बस्ती सिसेंडी में वीरांगना राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने अहिल्याबाई की प्रतिमा का अनावरण किया। विचार संगोष्ठी और भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।

प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कहा कि 31 मई 1725 को महाराष्ट्र के अहमदनगर में जन्मी अहिल्याबाई होल्कर ने अपने पराक्रम और कुशल प्रशासन से मालवा साम्राज्य को नई पहचान दी। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई का जीवन आज भी नारी सशक्तिकरण और सुशासन का प्रेरणास्रोत है।

श्याम लाल पाल ने 69000 शिक्षक भर्ती में पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के दौरान मुलायम सिंह यादव ने कन्या विद्याधन योजना की शुरुआत की थी, जिसे बाद में अखिलेश यादव ने बढ़ाकर 30 हजार रुपये किया। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को समर्थन देने की अपील भी की।

पूर्व विधायक अंब्रीश सिंह पुष्कर ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने मंदिरों, घाटों, पाठशालाओं का निर्माण कर शिक्षा और संस्कृति को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि समाज को उनके संघर्ष व सेवा भाव से सीख लेकर वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए आगे आना चाहिए।

आयोजक बाबूलाल पाल और मनोज कुमार पाल ने पाल, बघेल, धनगर और गड़रिया समाज की ओर से अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष जय सिंह जयंत, सांसद आर.के. चौधरी, सीएल वर्मा, जूही सिंह, राजपाल कश्यप, शब्बीर अहमद खान, रंजीत यादव, उमाशंकर वर्मा, अनिल पासी, अर्चना रावत, जानकी पाल, प्रेमलता यादव आदि मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button