Gorakhpur

मुठभेड़ में दबोचे गए बदमाश की जेल में बिगड़ी तबीयत… अस्पताल में दम तोड़ा

गिरफ्तारी के बाद न्यायिक हिरासत में था बदमाश, पोस्टमार्टम में मौत की वजह साफ नहीं हुई। डॉक्टरों ने बिसरा सुरक्षित रखा है, जबकि जेल प्रशासन ने हार्ट अटैक की आशंका जताई

गोरखपुर, 1 जून 2026:

गोला कस्बे के सराफा लूटकांड के मुख्य आरोपी मेहंदी हसन की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सहारनपुर के देवबंद का रहने वाला मेहंदी हसन न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद था। देर रात उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर जेल प्रशासन ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस के मुताबिक, 27 अप्रैल को मेहंदी हसन ने अपने साथियों के साथ गोला स्थित देवांश स्वर्णकला केंद्र में गहने खरीदने के बहाने अंदर घुसा था। इसी दौरान लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के वक्त दुकान पर मौजूद सराफा कारोबारी की बेटी अमृता ने बदमाशों का मुकाबला किया था। हाथापाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।

वारदात के बाद गोला थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर मेहंदी हसन समेत उसके साथी रेहान, सागीर अली, मुस्तफा और अफजल अली को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस मुठभेड़ के दौरान मेहंदी हसन और रेहान के पैर में गोली लगी थी। इलाज के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया था।

जांच में सामने आया था कि गिरोह वारदात से पहले इलाके की रेकी करता था। पहचान छिपाने के लिए बाइक की नंबर प्लेट बदल दी जाती थी। पुलिस पूछताछ में यह भी पता चला था कि गिरोह के सदस्य कई जिलों में सक्रिय रहे हैं और पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहे हैं।

जेल में रहने के दौरान ही मेंहदी हसन को तबीयत बिगड़ने पर जिला अस्पताल भेजा गया था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने के कारण डॉक्टरों ने बिसरा सुरक्षित रख लिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button