विकास गोंड
वाराणसी, 7 अप्रैल 2026:
वाराणसी पुलिस ने गंगा में बजड़े पर बीयर पीते एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामला तब सामने आया जब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इससे पहले भी पुलिस ने गंगा में इफ्तार पार्टी कर रहे 14 लोगों को पकड़ा था।
वीडियो में दिखाई देने वाले युवक की पहचान अर्जुन राजभर (25 वर्ष) निवासी नगवां नाव डेकोरेटर के रूप में हुई। डीसीपी काशी गौरव बंसवाल और एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार की निगरानी में पुलिस ने मंगलवार की सुबह अस्सी घाट से उसे गिरफ्तार किया। अर्जुन अपने साथियों के साथ अस्सी से मिर्जापुर की ओर गया था। पूछताछ में उसने बताया कि वह शाम को निकला और रात में अदलहाट पहुंचा।
माता शीतला की पूजा के लिए नाविक हर साल शीतला घाट से मिर्जापुर स्थित शीतला माता मंदिर तक जाते हैं। रविवार की शाम सभी नाविक रवाना हुए और सोमवार की देर शाम तक वाराणसी लौटे। रविवार और सोमवार को दो वीडियो सामने आए, जिनमें एक में डीजे बजता दिखा और दूसरे में एक नाविक बीयर पीते नजर आया। चूंकि यह सीमा क्षेत्र मिर्जापुर में आता है, इसलिए भेलूपुर और दशाश्वमेध पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवक की पहचान की।






