Hardoi City

दौड़ते हुए कोतवाली आई पांच साल की मासूम, कहा… ‘अंकल वो मेरी मां को मार देंगे’, फिर ये हुआ

पति की मौत के बाद रिश्तेदारों से चल रहे संपत्ति विवाद ने लिया हिंसक रूप, पिटाई के बाद मां व मासूम बेटी पर पालतू कुत्ता छोड़ा, आनन फानन पहुंची पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को दबोचा

हरदोई, 23 फरवरी 2026:

संपत्ति विवाद को लेकर हुए हमले के दौरान पांच साल की मासूम बच्ची की सूझबूझ और हिम्मत से मां की जान पर आया भारी संकट टल गया। भागकर कोतवाली शहर आई बच्ची की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला पर हमला कर रहे पिता और पुत्र को गिरफ्तार कर लिया।

कोतवाली शहर क्षेत्र के नुमाइश पुरवा निवासी पूजा श्रीवास्तव का अपने दिवंगत पति अभिषेक श्रीवास्तव के पैतृक मकान को लेकर ममिया ससुर विनोद श्रीवास्तव से लंबे समय से विवाद चल रहा है। एक फरवरी को पूजा ने विनोद, उनकी पत्नी संजू और बेटे उत्कर्ष के खिलाफ मारपीट और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि संपत्ति हड़पने के लिए फर्जी बैनामा कराया गया।

WhatsApp Image 2026-02-23 at 8.30.21 AM (1)

रविवार को पूजा अपनी पांच साल की बेटी यशी के साथ घर पहुंचीं। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उन पर समझौते का दबाव बनाया। विरोध करने पर पहले मासूम यशी पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया गया, जिससे वह घायल हो गई। इसके बाद पूजा को घेरकर बेरहमी से पीटा जाने लगा। घर के अंदर चीख-पुकार मच गई।

डरी और घायल यशी ने हिम्मत दिखाई और अकेले ही शहर कोतवाली की ओर दौड़ लगा दी। वहां ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को उसने पूरी घटना बताई। बच्ची की बात सुनते ही पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और उसके साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला पर हमला कर रहे विनोद और उत्कर्ष को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

WhatsApp Image 2026-02-23 at 8.30.21 AM

मां और बेटी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मासूम बच्ची की बहादुरी और सूझबूझ की वजह से समय रहते पुलिस कार्रवाई संभव हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button