पंकज
काकोरी (लखनऊ) 25 जनवरी 2026:
काकोरी नगर की माधव बस्ती में रविवार दोपहर आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक कौशल ने कहा कि आज सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में हिंदू समाज संगठित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जहां भी हिंदू समाज से जुड़ा कोई मुद्दा सामने आता है, वहां समाज एकजुट होकर मजबूती से जवाब देता है।
आयोजन में प्रांत प्रचारक ने कहा कि सनातन संस्कृति हमेशा से दुनिया को कल्याण और एकता का संदेश देती आई है। उन्होंने भारत के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि देश कभी सोने की चिड़िया कहलाता था, लेकिन अंग्रेजों ने भारत का अपार धन लूटा। इसके पीछे उस दौर में हिंदू समाज का एकजुट न होना भी एक बड़ा कारण रहा।

प्रांत प्रचारक ने कहा कि शिक्षा, चिकित्सा और सामरिक क्षेत्रों में भारत पहले विश्वगुरु रहा है, लेकिन पराधीनता के समय देश पिछड़ गया। अब एक बार फिर भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को संगठित होने का संदेश स्वामी विवेकानंद ने भी दिया था। आरएसएस पिछले 100 वर्षों से निःस्वार्थ भाव से समाज को जोड़ने और संगठित करने का काम कर रहा है।
सम्मेलन में आचार्य महामाया दत्त, समाजसेवी सरवन और समाजसेविका गीता देवी ने भी समाज को एक स्वरूप में संगठित होने की अपील की। इस मौके पर रमाकांत, वीरेंद्र, जिला प्रचारक कोमल, अभय, धीरेंद्र, अभिषेक, कौशिक, अमित, आशीष, प्रभाकर, अंकित, रामलखन, हर्ष, आदित्य, विकास, विशाल, अनुज, मनीष, वैभव, पीयूष, दिनेश, उदय मौजूद रहे।






