Lucknow City

यूपी : बादल, बारिश व बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन…कोहरे संग लौटी कड़ाके की सर्दी

घने कोहरे से विजिबिलिटी 10 मीटर तक सिमटी, लखनऊ समेत कई जिलों में फरवरी की शुरुआत में बारिश के आसार

लखनऊ, 31 जनवरी 2026:

उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। आसमान में बादलों की आवाजाही और सूरज की लुकाछिपी के बीच ठंडी हवाओं के साथ सर्दी ने दोबारा जोर पकड़ लिया है। कई जिलों में बारिश हुई है तो कुछ जगहों पर ओले भी गिरे। शनिवार की सुबह प्रदेश के बड़े हिस्से में कोहरे की मोटी चादर नजर आई।

सुबह और शाम के समय गलन बढ़ गई है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है और घर से निकलने वाले लोगों के हाथ-पैर सुन्न हो रहे हैं। लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेकर ठंड से बचते दिख रहे हैं। मौसम में आए बदलाव के चलते लखनऊ, कानपुर, आगरा, बरेली, गाजियाबाद समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। कई इलाकों में दृश्यता घटकर 10 मीटर तक पहुंच गई है। बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।

db750075-624b-4c71-a7b5-aae0614d0fd2

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक 31 जनवरी तक कोहरे में और बढ़ोतरी हो सकती है। कुछ इलाकों में बेहद घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि फरवरी के पहले सप्ताह में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से एक से तीन फरवरी के बीच प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में बारिश हो सकती है।

बारिश के दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे कोहरे से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। हालांकि चार फरवरी से तापमान में एक बार फिर हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार एक फरवरी से एक नया विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके असर से लखनऊ समेत आसपास के इलाकों में दो फरवरी को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। रात के तापमान में भी हल्की गिरावट आने की संभावना है।

इन जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट

मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली और बदायूं में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button