लखनऊ, 20 मार्च 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में बढ़ते यातायात दबाव और बड़े आयोजनों को देखते हुए हरदोई रोड स्थित बसन्तकुंज योजना में एक विशाल मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। यह पार्किंग राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास विकसित की जाएगी। इसमें एक साथ 370 बसें और 400 से अधिक चार पहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे।
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) इस महत्वाकांक्षी परियोजना का प्रस्ताव तैयार कर रहा है। इसे जल्द ही शासन को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार बसन्तकुंज योजना के सेक्टर-जे में करीब 65 एकड़ में विकसित राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन गत वर्ष 25 दिसंबर को पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। उद्घाटन समारोह में बड़़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। 2500 से अधिक बसों के लिए अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था करनी पड़ी थी।

भविष्य में भी यहां बड़े स्तर के आयोजन प्रस्तावित हैं। इसके चलते स्थायी और आधुनिक पार्किंग की जरूरत महसूस की गई। इसी को ध्यान में रखते हुए राष्ट्र प्रेरणा स्थल से सटी 21,216 वर्गमीटर भूमि को चिन्हित किया गया है। यह जमीन 45 मीटर और 24 मीटर चौड़ी सड़कों से जुड़ी हुई है।
प्रस्तावित पार्किंग पांच मंजिला होगी। इसमें दो भूमिगत तल के साथ ग्राउंड, फर्स्ट और सेकेंड फ्लोर शामिल होंगे। बसों और अन्य वाहनों की सुगम आवाजाही के लिए भव्य एंट्री और एग्जिट प्लाजा भी बनाए जाएंगे। इस परियोजना की एक खास बात यह है कि पार्किंग के ऊपरी हिस्से में आधुनिक सुविधाओं से लैस गेस्ट हाउस भी बनाया जाएगा। इसमें कमरे, वीआईपी लाउंज और मीटिंग हॉल की व्यवस्था होगी।
करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह पार्किंग सुविधा बड़े आयोजनों को सुव्यवस्थित करने के साथ शहर के ट्रैफिक प्रबंधन को भी नई दिशा देगी। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।






