Lucknow City

160 रुपए के झगड़े में की थी मां-बेटे की हत्या… आरोपी को पैर में गोली मारकर दबोचा, सिपाही भी घायल

मोहनलालगंज की सिसेंडी चौकी के पास नौ मार्च को हुई थी वारदात, कस्बे के ही युवक ने महिला से उधार लिए थे 160 रुपए, मांगने पर शुरू हुआ झगड़ा, दुष्कर्म के बाद मां व नेत्रहीन बेटे की हत्या कर फरार हुआ था आरोपी

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 12 मार्च 2026

मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के सिसेंडी गांव में महिला और उसके नेत्रहीन बेटे की हत्या के मामले में फरार आरोपी केशन रावत को पुलिस ने बुधवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। महिला से उधार लिए गए 160 रुपए को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया था। मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उसकी फायरिंग में एक सिपाही भी घायल हो गया।

डबल मर्डर के आरोपी की तलाश में पुलिस और सर्विलांस टीम लगातार छापेमारी कर रही थी। बुधवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मोहनलालगंज के हुलासखेड़ा क्षेत्र के बाजखेड़ा गांव के पास सुनसान स्थान पर छिपा हुआ है।

WhatsApp Image 2026-03-12 at 8.10.26 AM

पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी केशन रावत के बाएं पैर में गोली लग गई और वह गिर पड़ा। इसी दौरान आरोपी की गोली से एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर भेज दिया। उसके पास से एक तमंचा बरामद हुआ है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पर महिला की परचून की दुकान के 160 रुपये उधार थे। महिला उससे लगातार पैसे मांग रही थी और इसी बात को लेकर दो दिन पहले दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। सोमवार शाम आरोपी शराब पीकर पैसे देने के बहाने महिला के घर पहुंचा। उस समय घर पर महिला का नेत्रहीन बेटा था, जिसने उसे बाद में आने को कहा। कुछ देर बाद महिला घर पहुंची तो आरोपी फिर वहां आ गया।

WhatsApp Image 2026-03-12 at 8.10.27 AM

उसी समय नेत्रहीन बेटे ने आवाज सुनकर आरोपी को गाली दे दी। इससे गुस्साए आरोपी ने उसे लात मार दी, जिससे वह हौद में गिर गया। इसके बाद आरोपी ने उसका गला घोंट दिया। बेटे को बचाने के लिए महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे भी धक्का देकर गिरा दिया और मारपीट की। इसी दौरान उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसका भी गला घोंटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button