Entertainment

‘बॉर्डर 2’ के रिलीज से पहले मचा म्यूजिक विवाद! अनु मलिक ने मांगा क्रेडिट, किया ये बड़ा दावा

बॉर्डर 2 में पुराने सुपरहिट गीत संदेशे आते हैं को नए रूप ‘घर कब आओगे’ में शामिल किया गया है, और इसके मूल संगीतकार अनु मलिक ने अपने क्रेडिट सुनिश्चित करने की मांग उठाई है

मनोरंजन डेस्क, 31 दिसंबर 2025:

बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म बॉर्डर का रोमांच और भावनाओं का जादू अब अपनी अगली कड़ी ‘बॉर्डर 2’ में फिर लौट रहा है। 23 जनवरी 2026 को रिलीज होने वाली इस फिल्म में पुराने सुपरहिट गीत ‘संदेशे आते हैं’ को नए अंदाज में ‘घर कब आओगे’ के रूप में पेश किया गया है। इस रीक्रिएटेड गीत को लेकर अब मूल संगीतकार अनु मलिक ने अपने क्रेडिट को सुनिश्चित करने की मांग उठाई है, जिससे फिल्म के संगीत प्रेमियों में नई चर्चा शुरू हो गई है।

अनु मलिक बोले- इस गाने के बिना अधूरी है फिल्म

एक इंटरव्यू में अनु मलिक ने साफ कहा कि वह नए गाने का हिस्सा नहीं हैं, इसके बावजूद उन्हें पूरा भरोसा है कि फिल्म में उनका नाम जरूर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह गाना मूल रूप से उन्हीं की रचना है और उनके योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अनु मलिक के मुताबिक, संदेशे आते हैं के बिना बॉर्डर 2 की कल्पना ही नहीं की जा सकती और इस गीत में उनका तथा जावेद अख्तर का योगदान बेहद अहम है।

WhatsApp Image 2025-12-31 at 1.30.03 PM (1)

ऑरिजिनल और नए गाने की पूरी कहानी

अनु मलिक ने याद दिलाया कि साल 1997 में आई सुपरहिट फिल्म बॉर्डर का गीत ‘संदेशे आते हैं’ के बोल जावेद अख्तर ने लिखे थे और संगीत उन्होंने दिया था। इस गाने को रूप कुमार राठौर और सोनू निगम ने आवाज दी थी। वहीं बॉर्डर 2 में इस्तेमाल होने वाले नए गीत घर कब आओगे का संगीत मिथुन ने तैयार किया है और इसके बोल मनोज मुंतशिर ने लिखे हैं। इस गीत को अरिजीत सिंह, सोनू निगम, विशाल मिश्रा और दिलजीत दोसांझ ने मिलकर गाया है।

सिर्फ 7 मिनट में तैयार हुआ था आइकॉनिक म्यूजिक

अनु मलिक इससे पहले एक इंटरव्यू में बता चुके हैं कि संदेशे आते हैं की धुन उन्हें एक दिन स्टूडियो में अचानक सूझी थी। उन्होंने यह धुन जावेद अख्तर को सुनाई, जिन्होंने इसे फिल्म के निर्देशक जेपी दत्ता को सुनाया। धुन पसंद आने के बाद जावेद अख्तर ने पहले तीन अंतरे लिखे, फिर एक अतिरिक्त पैराग्राफ जोड़ा गया। तीन दिन में गाना तैयार करने की योजना थी, लेकिन चर्चा के दौरान अनु मलिक ने महज सात मिनट में पूरे गाने का कंपोजिशन तैयार कर दिया।

अवॉर्ड्स से सम्मानित रहा ऐतिहासिक गीत

संदेशे आते हैं को जबरदस्त पहचान और सम्मान भी मिला। जावेद अख्तर को इस गीत के लिए 1997 का फिल्मफेयर अवॉर्ड, 1998 का स्क्रीन अवॉर्ड और 45वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से नवाजा गया था। अब बॉर्डर 2 का नया गीत घर कब आओगे 2 जनवरी को रिलीज किया जाएगा, जिसका टीजर पहले ही सामने आ चुका है। फिल्म में सनी देओल, दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

WhatsApp Image 2025-12-31 at 1.30.03 PM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button