लखनऊ, 19 जनवरी 2026:
यूपी में औद्योगिक निवेश को नई गति देते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में चार प्रमुख परियोजनाओं को भूमि आवंटन पत्र प्रदान किए। इनमें सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और मेडिकल शिक्षा से जुड़ी कंपनियां एवं संस्थान शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने निवेशकों से संवाद करते हुए उत्तर प्रदेश को देश का सबसे भरोसेमंद निवेश गंतव्य बताया।
सीएम ने इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड, एसेंट सर्किट प्राइवेट लिमिटेड, अंबर इंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड तथा बोधिसत्व चैरिटेबल ट्रस्ट को औद्योगिक इकाई एवं मेडिकल कॉलेज स्थापना के लिए भूमि आवंटन पत्र सौंपे। निवेशकों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण, बेहतर कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक सहयोग उन्हें उत्साहित कर रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि बीते साढ़े आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने नीति स्थिरता, सुशासन और त्वरित निर्णय प्रक्रिया के बल पर अभूतपूर्व औद्योगिक परिवर्तन किया है। आज प्रदेश केवल संभावनाओं का नहीं बल्कि ठोस परिणामों का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह समय उत्तर प्रदेश में निवेश का गोल्डन टाइम है। ‘उद्योग प्रथम, निवेश प्रथम’ की नीति के कारण यूपी आज वैश्विक निवेशकों के लिए स्थिर, सुरक्षित और विश्वसनीय गंतव्य बन गया है।

सीएम ने बताया कि यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से 45 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। आने वाले समय में पांच लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव भी जमीन पर उतरने वाले हैं। मजबूत कानून व्यवस्था, विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतरीन कनेक्टिविटी के चलते निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में देश का सबसे बड़ा रेल नेटवर्क है। सिक्सलेन और फोरलेन के माध्यम से इंटर-स्टेट कनेक्टिविटी विकसित की गई है। हर जनपद मुख्यालय को फोरलेन से जोड़ा गया है। देश के कुल एक्सप्रेसवे का 55 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में है। सर्वाधिक शहरों में मेट्रो संचालन का रिकॉर्ड भी यूपी के नाम है। दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल और जेवर में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा प्रदेश को वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान दिला रहे हैं।
सीएम ने सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में हो रहे निवेश को पीएम मोदी के विजन का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि इंडिया चिप (एचसीएल-फॉक्सकॉम संयुक्त उपक्रम), एसेंट सर्किट और अंबर इंटरप्राइजेज जैसे निवेश प्रदेश के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करेंगे। वर्तमान में देश में बनने वाले कुल मोबाइल फोन का 55 प्रतिशत उत्पादन अकेले उत्तर प्रदेश में हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने यीडा को निवेश का बेहतरीन सर्किट बताते हुए कहा कि उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षित मैनपॉवर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। श्रम सुधारों के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी राज्य के रूप में उभरा है।
इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड को 48 एकड़ भूमि आवंटित की गई है, जिसमें 3706.15 करोड़ रुपये का निवेश होगा। एसेंट सर्किट प्राइवेट लिमिटेड को सेक्टर-10 में 16 एकड़ भूमि दी गई है, जहां 3250 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। अंबर इंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड को सेक्टर-08 में 100 एकड़ भूमि आवंटित की गई है जिससे 1500 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा। वहीं, बोधिसत्व चैरिटेबल ट्रस्ट को सेक्टर-17ए में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए 20.50 एकड़ भूमि दी गई है, जिसमें 532.18 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।






