NationalUttar Pradesh

‘योगी की पाती’ में उम्मीदों का उजाला: एआई, रोजगार और युवाशक्ति से बनेगा विकसित यूपी

प्रदेश के 2026-27 के बजट को नवाचार और नवनिर्माण की दिशा में बताया ऐतिहासिक, एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सटीक डेटा और रियल-टाइम मॉनिटरिंग को करार दिया अहम

लखनऊ, 16 फरवरी 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम एक बार फिर चिट्ठी लिखी है। पहले की तरह ‘योगी की पाती’ नाम से लिखे गए पत्र के जरिए 2026-27 के बजट को नवाचार और नवनिर्माण की दिशा में ऐतिहासिक बताया। योगी ने कहा कि बीते वर्षों में उद्यमशीलता, नवाचार और अवसंरचना की मजबूत आधारशिला रखी गई है। यह बजट उसी नींव पर अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी के साथ प्रदेश के सफल भविष्य का निर्माण करेगा।

सीएम ने एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सटीक डेटा और रियल-टाइम मॉनिटरिंग को अहम बताया। इसके लिए स्टेट डेटा अथॉरिटी के गठन की घोषणा की गई है। साथ ही उत्तर प्रदेश एआई मिशन, एआई डेटा लैब, एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और डेटा सेंटर क्लस्टर के जरिए प्रदेश को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीप टेक के क्षेत्र में वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने की योजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक आधारित यह पहलें न केवल निवेश को आकर्षित करेंगी बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेंगी।

युवाओं के लिए ‘टेक युवा-समर्थ युवा’ योजना के तहत 25 लाख युवाओं को नई तकनीकों में प्रशिक्षित किया जाएगा। हर जिले में कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र युवाओं को भविष्य की नौकरियों के लिए तैयार करेंगे। एमएसएमई, ओडीओपी और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देकर प्रदेश को निवेश गंतव्य और रोजगार सृजक के रूप में अलग पहचान दिलाने पर जोर दिया गया है।

सीएम ने युवाओं से उभरती तकनीकों को अपनाने और उद्यमशीलता की ओर कदम बढ़ाने का आह्वान किया। खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए मंडल मुख्यालय वाले हर जनपद में स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किए जाएंगे ताकि 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 के ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए खिलाड़ियों को तैयार किया जा सके। वहीं, महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने के लिए महिला उद्यमी उत्पाद विपणन योजना, महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड योजना और जनपद स्तर पर श्रमजीवी महिला छात्रावास प्रस्तावित हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में बिना नया टैक्स लगाए विकास की रफ्तार बनाए रखना सरकार के कुशल वित्तीय प्रबंधन का प्रमाण है। ₹9.12 लाख करोड़ का यह दूरदर्शी बजट युवा, महिला, अन्नदाता और गरीब वर्ग की आकांक्षाओं को साकार करेगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के लक्ष्य में सहभागी बनने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button