Uttar Pradesh

CM आवास से कुछ दूर बुलंदशहर के युवक ने खाया जहर, तोड़ा दम… बिजली विभाग से था परेशान

लखनऊ, 12 सितंबर 2025:

यूपी की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास से कुछ दूर हाई सिक्योरिटी एरिया में शुक्रवार सुबह एक युवक ने बिजली विभाग की लापरवाही और कथित वसूली से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बुलंदशहर के तातारपुर, कोतवाली नगर निवासी अजय कुमार उर्फ धर्मेश कुमार (45) के रूप में हुई। शुक्रवार सुबह वह लामार्ट चौराहे के पास पहुंचकर जोर-जोर से चिल्लाने लगा कि उसने जहर खा लिया है। पुलिसकर्मी उसे तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान करीब ढाई घंटे बाद उसकी मौत हो गई।

अजय ने मौत से पहले बताया कि उसने 2014 में आटा चक्की का व्यवसाय शुरू किया था। कुछ महीने पहले उसके इलाके का ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया। शिकायत पर नया ट्रांसफॉर्मर लगाया गया, लेकिन वह एक घंटे से भी कम समय में जल गया। इसके बाद दोबारा ट्रांसफॉर्मर बदलने की मांग पर विभागीय अफसरों ने कार्रवाई नहीं की और उससे भुगतान की मांग की।

अजय ने बताया कि बिजली विभाग ने एक एस्टीमेट तैयार कर उससे कहा कि ट्रांसफॉर्मर बदलने का 70% खर्च उसे उठाना होगा, तभी नया ट्रांसफॉर्मर लगाया जाएगा। इससे आहत होकर वह लखनऊ आया था, लेकिन मजबूरी में जहरीला पदार्थ खा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, बिजली विभाग की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button