लखनऊ, 1 मार्च 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ ने होली, रमजान, ईद व अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि शरारतन माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर ऐसी सख्त कार्रवाई करें जो नजीर बने। सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ की एक भी हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्यमंत्री ने बीते पांच वर्षों की घटनाओं की समीक्षा कर उनसे सीख लेते हुए प्रभावी प्रबंध सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मार्च माह में त्योहारों के साथ बोर्ड परीक्षाएं भी चल रही हैं। इसलिए यह अवधि कानून-व्यवस्था की दृष्टि से संवेदनशील है। कहीं भी विद्वेष फैलाने वाली घटना होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, शोभा यात्राओं के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने होलिका दहन समितियों और पीस कमेटियों की अनिवार्य बैठकें कराने को कहा जिससे स्थानीय स्तर पर समन्वय मजबूत रहे। होलिका दहन सुरक्षित स्थान पर ही कराने, होली के दौरान अभद्र गीत-संगीत न बजने देने और किसी भी वर्ग, समुदाय या व्यक्ति को नीचा दिखाने वाले कृत्यों पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पर्व उल्लास और भाईचारे का प्रतीक हैं। यह किसी को आहत करने का माध्यम नहीं है।
ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कानफोड़ू आवाज वाले लाउडस्पीकर हटाने को कहा गया। कई धर्मस्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों को संवाद और समन्वय से हटाने के निर्देश दिए गए। लोकल इंटेलिजेंस को मजबूत करने और सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखते हुए फेक अकाउंट्स व अफवाह फैलाने वाली गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया जिससे भ्रामक सूचनाओं का तत्काल खंडन हो सके।
होली पर बढ़ते आवागमन को देखते हुए परिवहन निगम को अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए गए। केवल फिटनेस मानकों पर खरी उतरने वाली बसों के संचालन, निजी ऑपरेटरों द्वारा मनमाना किराया वसूलने पर सख्ती और बसों को तय स्थान पर ही खड़ा रखने के निर्देश दिए गए। ऊर्जा विभाग को मार्च में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और रोस्टरिंग न करने को कहा गया। पेयजल आपूर्ति, ग्रामीण-नगरीय स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती, निराश्रित गोवंश संरक्षण और जहरीली एवं अवैध शराब पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन और जन-शिकायत निस्तारण की जनवरी 2026 रैंकिंग की समीक्षा की गई। बेहतर प्रदर्शन करने वाली इकाइयों की सराहना हुई। अपेक्षित प्रदर्शन न करने वालों को सुधार के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई व्यवस्था को और पारदर्शी बनाते हुए हर शिकायत का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।






