हरदोई, 14 फरवरी 2026:
शादी समारोह में DJ को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद एक युवक को स्कॉर्पियो से कुचलने का प्रयास किया गया। स्कॉर्पियो टक्कर मारने के बाद युवक को बाइक समेत करीब 100 मीटर तक घसीटते ले गई। एसपी आवास के पास हुई इस घटना को लेकर भीड़ जुटने लगी तो आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए। घायल को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के शाहजहांपुर रोड स्थित आरसी गैलेक्सी होटल में विवाह समारोह चल रहा था। अशरफ टोला निवासी शिवा मिश्रा अपने दोस्त मुकेश गुप्ता के साथ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान DJ पर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
आरोप है कि सुरसा थाना क्षेत्र के जल्लामऊ निवासी ग्राम प्रधान के बेटे रौनक यादव ने नशे की हालत में शिवा मिश्रा को धक्का दिया और गाली-गलौज की। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी और वहां से चला गया।

कार्यक्रम खत्म होने के बाद शिवा मिश्रा अपने साथी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे एसपी बंगले के पास पहुंचे, पहले से स्कॉर्पियो में मौजूद आरोपी ने तेज रफ्तार में बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद युवक को बाइक समेत करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
घटना पिहानी चुंगी पुलिस पिकेट से सैनिक पेट्रोल पंप तक हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिवा मिश्रा को तुरंत मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद लोगों ने स्कॉर्पियो को घेरने की कोशिश की, लेकिन आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को कब्जे में ले लिया है। पीड़ित की मां ममता मिश्रा की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।






