बिजनेस डेस्क, 27 .जनवरी 2026:
पिछले हफ्ते की गिरावट के बाद आज फिर शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव भरा कारोबार देखने को मिला। आज शुरुआत गिरावट के साथ हुई, लेकिन कुछ ही समय में बाजार ने जोरदार वापसी की। सेंसेक्स अपने दिन के निचले स्तर से करीब 700 अंक सुधरकर 81,800 के पार पहुंच गया। वहीं निफ्टी में भी 180 अंकों से ज्यादा की रिकवरी देखने को मिली और यह 25,100 के करीब कारोबार करता नजर आया।
मेटल, आईटी और बैंकिंग शेयरों का मिला सपोर्ट
आज की तेजी में मेटल, आईटी और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों की अहम भूमिका रही। इन सेक्टरों में खरीदारी बढ़ने से बाजार को मजबूती मिली। निवेशकों की दिलचस्पी बड़े शेयरों में दिखी, जिससे बाजार में तेजी का माहौल बना और गिरावट के डर से बाहर निकलता नजर आया।
ग्लोबल बाजारों से मिला सकारात्मक संकेत
ग्लोबल बाजारों में तेजी का असर भारतीय बाजार पर भी साफ दिखाई दिया। एशियाई बाजारों में कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 1.93 प्रतिशत बढ़कर 5,045 पर और जापान का निक्केई इंडेक्स 0.41 प्रतिशत चढ़कर 53,099 पर कारोबार कर रहा है। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 1.07 प्रतिशत बढ़कर 27,050 पर और चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 1.43 प्रतिशत चढ़कर 4,130 पर पहुंच गया। वहीं अमेरिकी बाजारों में भी सोमवार को मजबूती रही, जहां डाउ जोन्स 0.64 प्रतिशत चढ़कर 49,412 पर बंद हुआ, नैस्डेक 0.43 प्रतिशत और एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली, घरेलू निवेशकों का सहारा
हालांकि विदेशी निवेशकों की ओर से बिकवाली का दबाव बना हुआ है। 23 जनवरी को विदेशी निवेशकों ने 3,191 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इसके मुकाबले घरेलू निवेशकों ने 3,173 करोड़ रुपये के शेयर खरीदकर बाजार को सहारा दिया। दिसंबर 2025 में विदेशी निवेशकों ने कुल 34,350 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे, जबकि घरेलू निवेशकों ने 79,620 करोड़ रुपये की खरीदारी की थी। इससे पहले शुक्रवार को बाजार में गिरावट रही थी, जब सेंसेक्स 770 अंक टूटकर 81,538 पर और निफ्टी 241 अंक गिरकर 25,048 पर बंद हुआ था।






