UP News : सांसद अफजाल अंसारी की अचानक बिगड़ी तबीयत, लखनऊ के अस्पताल में भर्ती
सीने में दर्द और उल्टियों के बाद गाजीपुर से एंबुलेंस के जरिए लाए गए सपा नेता, तीन-चार दिन से बुखार से थे पीड़ित, मेदांता के गैस्ट्रो विभाग में चल रहा इलाज

लखनऊ/गाजीपुर, 24 अक्टूबर 2026:
यूपी के गाजीपुर से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अफजाल अंसारी की शुक्रवार रात को अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने में दर्द और उल्टियां होने के बाद उन्हें गाजीपुर से एंबुलेंस के जरिए लखनऊ लाकर मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां गैस्ट्रो विभाग में उनका उपचार चल रहा है। सांसद की तबीयत खराब होने की जानकारी सामने आने के बाद समर्थकों और क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ गई। उनके प्रतिनिधि के मुताबिक फिलहाल उनकी स्थिति कुछ ठीक बताई जा रही है।
तीन-चार दिन से बुखार, फिर सीने में दर्द की शिकायत
जानकारी के मुताबिक अफजाल अंसारी मुहम्मदाबाद स्थित अपने आवास पर थे। तीन-चार दिनों से उन्हें बुखार आ रहा था और स्थानीय चिकित्सक से उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार शाम को उनकी तबीयत और बिगड़ गई। सीने में दर्द के साथ उन्हें तीन-चार बार उल्टियां हुईं। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से मेदांता अस्पताल लाया गया।
घरेलू नुस्खे के बाद बढ़ी कफ की समस्या
परिजनों के मुताबिक सांसद को शुक्रवार सुबह से गले में खराश, सर्दी और लीवर संबंधी परेशानी भी थी। इसी बीच घरेलू नुस्खा अपनाने के बाद उनकी कफ की समस्या बढ़ गई और उल्टियां शुरू हो गईं। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाने का फैसला किया गया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
अब्बास अंसारी ने सोशल मीडिया पर दी ये जानकारी
अफजाल अंसारी की तबीयत बिगड़ने की जानकारी उनके भतीजे, दिवंगत माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे एवं मऊ से विधायक अब्बास अंसारी ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की। उन्होंने बताया कि उनके बड़े अब्बा अफजाल अंसारी की तबीयत अचानक खराब हो गई है और उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।






