Lucknow City

अंबेडकर जयंती से पहले मलिहाबाद में सैकड़ों गाड़ियों की रैली में गूंजा समानता का संदेश

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर और विधायक जय देवी के नेतृत्व में निकली रैली, 40 स्थानों पर हुआ स्वागत, बाबा साहब के विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प

प्रमोद कुमार

मलिहाबाद (लखनऊ), 12 अप्रैल 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र में रविवार को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती से पहले पारख महासंघ की ओर से एक भव्य कार और बाइक रैली का आयोजन किया गया। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल किशोर और मलिहाबाद की विधायक जय देवी कौशल के नेतृत्व में निकली इस रैली में करीब 300 गाड़ियों का काफिला शामिल रहा।

रैली का शुभारंभ दुबग्गा स्थित हरदोई रोड के जगर्स पार्क से हुआ। यहां से यह पूरे मलिहाबाद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से होकर गुजरी। यात्रा का पहला स्वागत जेहटा चौराहे पर हुआ जहां लोगों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद रैली माल, गहदों, ससपन, रहीमाबाद, भतोइया, गौन्दा, खड़ौहा, पहाड़पुर अटौरा और पुरवा बहरू होते हुए काकोरी ब्लॉक के झाखड़ बाग में जाकर संपन्न हुई।

WhatsApp Image 2026-04-12 at 1.32.04 PM

पूरे मार्ग में लगभग 40 स्थानों पर ग्रामीणों ने रैली का स्वागत किया। इस दौरान पारख महासंघ के लाल झंडों और बाबा साहब के चित्र वाले नीले झंडों से पूरा इलाका सजा नजर आया। जगह-जगह स्थापित अंबेडकर प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर समानता, सामाजिक न्याय और भाईचारे का संदेश दिया गया।

रैली के दौरान कौशल किशोर ने कहा कि यह आयोजन केवल एक रैली नहीं बल्कि बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि समानता सिर्फ एक शब्द नहीं, बल्कि जीवन का आधार है। बाबा साहब ने जिस समाज का सपना देखा, उसे साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक अन्याय के खिलाफ खड़े होने का आह्वान किया।

WhatsApp Image 2026-04-12 at 1.32.09 PM

विधायक जय देवी कौशल ने कहा कि क्षेत्र के हर गांव और मोहल्ले तक डॉ. अंबेडकर के विचारों को पहुंचाया जाएगा। उन्होंने नशा मुक्ति, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता को बाबा साहब की विरासत का अहम हिस्सा बताया।
यह रैली आगामी 14 अप्रैल को मनाई जाने वाली अंबेडकर जयंती की तैयारियों के तहत आयोजित की गई थी।

आयोजकों ने इसे संकल्प यात्रा का रूप देते हुए लोगों से अपील की कि जयंती को केवल उत्सव नहीं बल्कि बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने का संकल्प दिवस बनाया जाए। रैली में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विकास किशोर (आशु), ब्लॉक प्रमुख निर्मल वर्मा, मीनू वर्मा, रामकुमार, प्रधान सर्वेश रावत सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button