राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 6 अप्रैल 2026:
भारतीय जनता पार्टी ने अपने 47वें स्थापना दिवस पर उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनावों में लगातार तीसरी जीत का संकल्प लेते हुए सियासी माहौल को गरमा दिया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपनी उपलब्धियों का उल्लेख करने के साथ आगामी चुनावों के लिए मजबूत रणनीति का संकेत भी दिया।
प्रदेश मुख्यालय में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर नेताओं ने संगठन निर्माण में योगदान देने वाले दिवंगत कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके त्याग को पार्टी की ताकत बताया।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि 1952 में महज दो सीटों से शुरू हुआ सफर आज केंद्र में लगातार तीन बार सरकार बनाने तक पहुंचा है। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान और आपातकाल के दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा झेली गई यातनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि यही संघर्ष भाजपा की पहचान है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि झूठ और भ्रम की राजनीति भाजपा के संकल्प को कभी नहीं डिगा सकती।
अजेय कुमार ने चरैवेति-चरैवेति के सिद्धांत को अपनाने की अपील करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संवाद, विचार गोष्ठियों, स्वच्छता अभियान और जनसहभागिता जैसे कार्यक्रमों से पार्टी की जड़ें और मजबूत होंगी। कार्यक्रम में नरेश बंसल, माला राज्यलक्ष्मी शाह, खजान दास, कुंदन परिहार, सौरभ थपलियाल समेत कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






