Uttarakhand

मारपीट के बाद सुर्खियों में आए इस आला अफसर को सरकार का तोहफा…रिटायरमेंट से दो दिन पहले प्रमोशन

सेवानिवृत्ति से ठीक पहले अजय कुमार नौडियाल बने प्रारंभिक शिक्षा निदेशक, अपर निदेशक के पद पर थे तैनात, 21 फरवरी को भाजपा विधायक उमेश शर्मा काउ से हुआ था विवाद, प्रमोशन की टाइमिंग चर्चा में छाई

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 27 फरवरी 2026:

उत्तराखंड शिक्षा विभाग में अपने ही कार्यालय में मारपीट व विवाद का शिकार हुए अपर निदेशक अजय कुमार नौडियाल को शासन ने प्रारंभिक शिक्षा निदेशक पद पर पदोन्नत कर दिया है। यह फैसला घटना के महज पांच दिन बाद लिया गया, जिससे पूरे मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

शिक्षा सचिव रविनाथ रामन की ओर से 26 फरवरी की देर शाम पदोन्नति आदेश जारी किया गया। आदेश के मुताबिक नौडियाल को पुराने वेतनमान 1,31,100 से 2,16,600 रुपये से बढ़ाकर 1,44,200 से 2,18,200 रुपये वाले पद पर नियुक्त किया गया है। खास बात यह है कि नौडियाल 28 फरवरी को सेवानिवृत्त होने वाले थे। विभागीय पदोन्नति चयन समिति की सिफारिश पर राज्यपाल की मंजूरी के बाद यह आदेश जारी हुआ।

ये भी पढ़ें:

WhatsApp Image 2026-02-27 at 11.56.59 AM

Advertisement

21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में एक सरकारी स्कूल का नाम बदलने को लेकर भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ और उनके समर्थकों के साथ नौडियाल का विवाद हो गया था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मारपीट, गाली गलौज और कार्यालय में तोड़फोड़ के आरोप लगे थे। नौडियाल ने विधायक पक्ष पर हमला, अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए रायपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। वहीं विधायक पक्ष की ओर से भी क्रॉस रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

घटना के विरोध में शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने 23 और 24 फरवरी को कार्यबहिष्कार किया था। बाद में विधायक उमेश शर्मा काऊ ने नौडियाल को अपना छोटा भाई बताते हुए सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी, जिसके बाद कर्मचारियों और शिक्षकों ने आंदोलन वापस ले लिया। घटना के तुरंत बाद हुए प्रमोशन ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। कई यूजर्स ने इसे तंज कसते हुए अलग अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। हालांकि विभागीय सूत्रों का कहना है कि पदोन्नति पूरी तरह नियमों के तहत की गई है और प्रक्रिया पहले से चल रही थी। फिर भी फैसले की टाइमिंग को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि यह महज संयोग है या किसी दबाव का असर। शासन ने नौडियाल को पद ग्रहण प्रमाण पत्र जमा करने के निर्देश भी दिए हैं।

ये भी पढ़ें  उत्तराखंड का पर्वतीय स्वरूप बचाने को भाजपा चलाएगी ‘मेरी गणना, मेरा गांव’ अभियान

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link