चम्पावत को 96 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, धामी बोले- आदर्श जनपद बनाने का संकल्प
सीएम ने सर्किट हाउस व देवभूमि रजत जयंती पार्क का किया लोकार्पण, प्रत्येक ग्राम सभा को 10 लाख रुपये देने की घोषणा, न्याय पंचायतों में बनेंगे सामुदायिक भवन, जिला बार एसोसिएशन में होगी ई-लाइब्रेरी की स्थापना

देहरादून, 18 अक्टूबर 2026ः
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी रविवार को चम्पावत पहुंचे। सीएम ने 96 करोड़ रुपये की लागत की 16 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 67 करोड़ 24 लाख 36 हजार रुपये की लागत की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 28 करोड़ 75 लाख 62 हजार रुपये की लागत की 5 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से जनपद में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने स्थानीय नागरिकों, विभिन्न संगठनों और जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याएं व सुझाव सुने। सीएम ने नवनिर्मित सर्किट हाउस का लोकार्पण किया।
यात्रा मार्गों को बनाया जा रहा सुगम
धामी ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करना राज्य सरकार का संकल्प है। इसके लिए आगामी 25 से 50 वर्षों की आवश्यकताओं और चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग सहित विभिन्न सड़कों को सुगम बनाया जा रहा है। जनपद में बाईपास, बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। टनकपुर में निर्माणाधीन आईएसबीटी से परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 66 करोड़ रुपये की लागत का ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। इसके साथ ही विद्युत लाइनों को भूमिगत करने व दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
लोगों की समस्याएं और सुझाव सुने
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक महत्व और प्राकृतिक सुंदरता इसे विशिष्ट पहचान प्रदान करती है। राज्य सरकार जनपद में पर्यटन, रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने के साथ ही स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं को आगे बढ़ा रही है। धामी ने जनप्रतिनिधियों, मातृशक्ति, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, पीआरडी जवानों, मिनिस्टीरियल संवर्ग एवं रोडवेज कर्मचारियों, पशुपालकों, राज्य आंदोलनकारियों, पूर्व सैनिकों और सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं व सुझाव सुने। उन्होंने सप्तेश्वर/सप्तकोशी परिक्रमा प्रस्तावक समिति व मीडिया प्रतिनिधियों से भी संवाद किया।
जिला बार के शपथ ग्रहण समारोह में हुए शामिल
सीएम जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में भी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन की नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। इस अवसर पर सीएम ने जनपद की न्याय पंचायतों में सामुदायिक उपयोग के लिए सामुदायिक भवनों के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने जिला बार एसोसिएशन में अधिवक्ताओं के बैठने के लिए चैंबर निर्माण, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी की स्थापना की भी घोषणा की।

पार्क में खेल रहे बच्चों को दी चॉकलेट
धामी ने विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्राम सभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस धनराशि से ग्राम सभाएं अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप पुस्तकालय, सड़क, आजीविका संवर्धन सहित अन्य जनहितकारी कार्य कर सकेंगी। सीएम ने 1.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित देवभूमि रजत जयंती पार्क का भी लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क में खेल रहे बच्चों को चॉकलेट दी और लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया सहित जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।






