धामी से मिले एक्टर अक्षय कुमार, बोले- देश का प्रमुख शूटिंग डेस्टिनेशन बन रहा उत्तराखंड
मसूरी और लंढौर में चल रही शूटिंग, फिल्म नीति सहित कई बिंदुओं पर हुई चर्चा, सीएम ने कहा- फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम से कई सुविधाएं कराई जा रहीं उपलब्ध

योगेंद्र मलिक
देहरादून, 18 अक्टूबर 2026ः
बॉलीवुड के अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों उत्तराखंड में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। इस दौरान अक्षय ने रविवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात की। दोनों के बीच उत्तराखंड की फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और राज्य में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने से जुड़े कई बिंदुओं पर चर्चा हुई। मसूरी और लंढौर में अक्षय कुमार अपनी आने वाली फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।
फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रही यहां की प्राकृतिक सुंदरता
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध भौगोलिक परिस्थितियां और फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रहे हैं। राज्य में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग होने से उत्तराखंड की पहचान फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में और मजबूत हो रही है।
फिल्म नीति से निर्माताओं को मिल रहीं सुविधाएं
धामी ने कहा कि राज्य सरकार की उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग की अनुमति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही प्रदेश में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है, जिससे फिल्म निर्माताओं को राज्य में शूटिंग के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है।

स्थानीय कलाकारों और युवाओं को मिलेगा लाभ
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड में अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग को प्रोत्साहित करना व स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करना है। प्रदेश में फिल्म निर्माण की गतिविधियां बढ़ने से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और अन्य स्थानीय कारोबारों को भी लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के लिए और अधिक अनुकूल बनाने व फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।






