Lucknow City

‘पाठशाला पुकारे’ से अखिलेश का योगी सरकार पर वार, बोले- सत्ता में आए तो बंद 26 हजार स्कूल फिर खोलेंगे

शिक्षक दिवस पर सड़कों से सम्मान समारोह तक सपा का सरकार पर हमला, नरही में स्कूल के बाहर प्रदर्शन, गोमतीनगर की दलित बस्ती में लगी PDA पाठशाला

लखनऊ, 5 सितंबर 2026:

शिक्षक दिवस के मौके पर शनिवार को समाजवादी पार्टी ने प्रदेश में परिषदीय विद्यालयों के विलय और सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने के मुद्दे पर योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ‘पाठशाला पुकारे’ कार्यक्रम के जरिए सपा कार्यकर्ताओं ने स्कूलों के बाहर प्रदर्शन किया। वहीं पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शिक्षक सम्मान समारोह में सरकार पर तीखा हमला बोला। अखिलेश ने दावा किया कि प्रदेश में करीब 26 हजार प्राइमरी स्कूल बंद हो चुके हैं। सत्ता में आने पर समाजवादी पार्टी इन्हें फिर से खोलने का काम करेगी।

लखनऊ पब्लिक स्कूल्स एंड कॉलेजेस में सपा सांसद एसपी सिंह और पूर्व एमएलसी कांति सिंह की ओर से आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अखिलेश यादव ने शिक्षकों को समाज और आने वाली पीढ़ी का मार्गदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज को दिशा देने के साथ बच्चों के भविष्य का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा, ‘हमारे शिक्षक ही हमारे रक्षक हैं।’ अखिलेश ने वादा किया कि आने वाले समय में शिक्षकों को पढ़ाने के अलावा कोई दूसरा काम नहीं दिया जाएगा, ताकि वे पूरी तरह शिक्षा पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

akhilesh-yadav-up-school-closure-26-thousand-schools (2)

ये भी पढ़ें:

सपा मुखिया ने जर्जर सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल की बदहाली की फोटो या वीडियो बनाने पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि अंग्रेजों ने भी कभी शिक्षा पर मुकदमा दर्ज नहीं किया था लेकिन आज ऐसा किया जा रहा है।

Advertisement

अखिलेश ने अपनी सरकार के दौरान विद्यार्थियों को बांटे गए लैपटॉप का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज भी बच्चे बताते हैं कि लैपटॉप ने उनकी पढ़ाई में मदद की और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिला। उन्होंने शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में सपा सरकार के फैसलों को गिनाते हुए भाजपा और संघ की विचारधारा पर भी निशाना साधा।

akhilesh-yadav-up-school-closure-26-thousand-schools (3)

नरही में विधायक रविदास मल्होत्रा के नेतृत्व में प्रदर्शन

इधर, लखनऊ के नरही स्थित राजकीय कन्या विद्यालय और प्राथमिक विद्यालय को बंद किए जाने के विरोध में सपा कार्यकर्ता विधायक रविदास मल्होत्रा के नेतृत्व में स्कूल के बाहर जुटे। कार्यकर्ताओं ने गेट पर पोस्टर-बैनर लगाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और स्कूल बंद करने का फैसला वापस लेने की मांग की। विधायक और कार्यकर्ता परिसर में प्रवेश किए बिना गेट के बाहर ही प्रदर्शन करते रहे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।

akhilesh-yadav-up-school-closure-26-thousand-schools (4)

गोमतीनगर की बस्ती में सपा की ओर से PDA पाठशाला

वहीं गोमतीनगर की दलित बस्ती में सपा की ओर से PDA पाठशाला लगाई गई। इसमें बच्चों को स्कूल बैग, किताबें, कॉपियां और अन्य शैक्षणिक सामग्री बांटी गई। कार्यक्रम में सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस तरह शिक्षक दिवस पर सपा ने सम्मान समारोह से लेकर सड़क तक शिक्षा के मुद्दे को राजनीतिक संघर्ष का बड़ा हथियार बनाने की कोशिश की।

ये भी पढ़ें  बिजली गुल होने पर लोगों का हंगामा... डंडे लेकर उपकेंद्र को घेरा, सड़क पर गूंजे नारे

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link