अंकिता भंडारी हत्याकांड : नार्को टेस्ट के लिए राठौड़ तैयार, उर्मिला बोलीं- धामी सरकार गिराने की थी साजिश
सीबीआई की विशेष अदालत में मीडिया से बातचीत में अभिनेत्री का फूटा गुस्सा, मामले में कथित वीआईपी की पहचान का मुद्दा गरमाया, पूर्व विधायक ने टेस्ट के लिए अपनी सहमति से संबंधित पत्र दिखाया

राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 23 अक्टूबर 2026ः
उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की पहचान को लेकर शुक्रवार को एक बार फिर हलचल तेज हो गई। पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ ने नार्को टेस्ट के लिए अपनी सहमति जताई है। वहीं, अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने कहा कि लाइव नार्को टेस्ट होना चाहिए। शुक्रवार को सीबीआई की विशेष अदालत में मीडिया से बातचीत में उर्मिला का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने कहा कि ‘मैं बेटी अंकिता की लड़ाई लड़ रही हूं।’ उन्होंने भाजपा के भीतर कुछ लोगों पर सरकार गिराने की साजिश रचने का आरोप लगाया और दावा किया कि इन लोगों ने उनसे संपर्क किया था और उनके पास इसके सबूत हैं।
जांच एजेंसी का सहयोग करने के लिए तैयार
पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ ने कोर्ट में नार्को टेस्ट के लिए अपनी सहमति से संबंधित पत्र दिखाया। उन्होंने कहा कि वह जांच एजेंसी को हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार हैं। वायरल ऑडियो और उससे जुड़े दावों पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने स्पष्ट जवाब नहीं दिया। कोर्ट परिसर में उर्मिला ने भाजपा के वरिष्ठ नेता दुष्यंत कुमार गौतम, सुरेश राठौड़ और कुछ अन्य लोगों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने वनंत्रा रिजॉर्ट को गिराए जाने के मामले में भाजपा विधायक रेणु बिष्ट को फंसाने का दावा भी किया। उर्मिला ने कहा कि वह कोई नया आरोप नहीं लगा रही हैं, बल्कि पहले सामने आई बातचीत के आधार पर अपनी बात रख रही हैं। उन्होंने पुलिस पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात के लिए समय मांगे जाने की बात भी कही।

वायरल ऑडियो-वीडियो से बढ़ा था विवाद
दिसंबर 2025 में उर्मिला सनावर और सुरेश राठौड़ से जुड़ी कथित बातचीत के ऑडियो-वीडियो वायरल होने के बाद अंकिता हत्याकांड में कथित वीआईपी की पहचान का मुद्दा फिर गरमा गया था। दुष्यंत गौतम ने आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें उनकी छवि खराब करने की साजिश बताया था और कानूनी कार्रवाई भी की थी। अंकिता के माता-पिता लगातार मामले की निष्पक्ष जांच और कथित वीआईपी की भूमिका स्पष्ट करने की मांग कर रहे हैं। दिल्ली में अंकिता के माता-पिता के धरने के बाद सीबीआई जांच में एकाएक तेजी आ गई है। मामले में सीबीआई के अधिकारी पूर्व विधायक राठौड़ व उर्मिला सनावर से बातचीत भी कर चुके हैं।






