
बहराइच, 1 जून 2025:
यूपी के बहराइच शहर के मोहल्ला बक्शीपुरा नई बस्ती में शनिवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। बाजार से लौटते समय रोशनी गुप्ता ( 25) और उनके चार वर्षीय बेटे दिव्यांश गुप्ता की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार रोशनी अपने बेटे दिव्यांश के साथ बाजार से खरीदारी कर लौट रही थीं। लौटते समय वे रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं, तभी गोंडा की ओर से आ रही डेमू ट्रेन ने दोनों को चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन को आते देख रोशनी ट्रैक किनारे खड़ी हो गई थीं, लेकिन अचानक दिव्यांश ट्रैक की ओर दौड़ पड़ा। बेटे को बचाने के प्रयास में रोशनी भी पीछे दौड़ी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ट्रेन की टक्कर से दोनों दूर जा गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की खबर फैलते ही मोहल्ले में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और पड़ताल की। जीआरपी थाना प्रभारी दिनेश कुमार पांडेय ने बताया कि हादसे की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।






