National

बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर के लिए पहली रजिस्ट्री… सुगम दर्शन की राह खुली, ब्रज में बढ़ेगा पर्यटन

पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से संभव हुई पहली रजिस्ट्री, इससे होगी कॉरिडोर प्रोजेक्ट को जमीन पर उतारने की शुरुआत

मथुरा, 17 जनवरी 2026:

वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर के निर्माण की ठोस शुरुआत हुई है। इस प्रोजेक्ट के लिए पहली जमीन की रजिस्ट्री की प्रकिया पूरी हुई। इससे कॉरिडोर निर्माण का रास्ता साफ हो गया है और श्रद्धालुओं को जल्द ही बेहतर और सुरक्षित दर्शन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

गोस्वामी परिवार ने दी जमीन

यह रजिस्ट्री हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से संभव हो पाई है। कॉरिडोर निर्माण के लिए बिहारीपुरा इलाके की संपत्ति संख्या 25 के एक हिस्से, करीब 69.26 वर्ग मीटर जमीन की रजिस्ट्री तहसीलदार सदर के नाम कराई गई। यति गोस्वामी, अभिलाष गोस्वामी और अनिकेत गोस्वामी ने अपनी जमीन खुशी-खुशी इस योजना के लिए दी। जिला प्रशासन के मुताबिक यह पहली रजिस्ट्री कॉरिडोर प्रोजेक्ट को जमीन पर उतारने की शुरुआत है।

परंपरा और सुविधा का मेल

इस परियोजना की निगरानी हाई पावर्ड कमेटी कर रही है, जिसमें प्रशासन, पुलिस, पुरातत्व विभाग और गोस्वामी समाज के प्रतिनिधि शामिल हैं। कमेटी ने मंदिर से जुड़े लोगों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनके सुझाव भी इस योजना में शामिल किए हैं। कॉरिडोर ऐसा बनाया जाएगा कि वृंदावन की धार्मिक पहचान बनी रहे और साथ ही श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं भी मिलें।

संकरी गलियां व भीड़ से मिलेगी राहत

अभी तक मंदिर तक पहुंचने वाली संकरी गलियों में भारी भीड़ लगती है, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। कॉरिडोर बनने के बाद सुरक्षित रास्ते, बैठने की जगह, पीने का पानी और आसान प्रवेश-निकास की सुविधा मिलेगी। इससे भीड़ का दबाव कम होगा और दर्शन ज्यादा आरामदायक होंगे।

पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

कॉरिडोर बनने से वृंदावन में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। इसका फायदा होटल, रेस्टोरेंट, दुकानदारों और स्थानीय कारोबारियों को मिलेगा। वहीं नई नौकरियों के मौके भी बनेंगे, जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा।

पहले जमीन देने वालों को प्राथमिकता, सहयोग मांगा

कमेटी ने कहा है कि जो लोग स्वेच्छा से अपनी जमीन पहले देंगे, उन्हें आगे मिलने वाली सुविधाओं में प्राथमिकता दी जाएगी। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस पवित्र काम में सहयोग करें, ताकि बांके बिहारी धाम का विकास हो और ब्रज की पहचान देश-दुनिया में और मजबूत बने।

हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी में ये हैं शामिल

बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर परियोजना की निगरानी के लिए बनाई गई हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी में न्यायिक सेवा, प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, पुरातत्व विभाग और गोस्वामी समाज के प्रतिनिधि शामिल हैं। कमेटी के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार हैं।

कमेटी के अन्य सदस्यों में सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश मुकेश मिश्रा, मथुरा के जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार, सिविल जज शिप्रा दुबे, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण आगरा की अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. स्मिता एस. कुमार शामिल हैं। इसके अलावा गोस्वामी समाज से राजभोग समूह के शैलेन्द्र गोस्वामी और श्रीवर्धन गोस्वामी तथा शयन भोग समूह के दिनेश कुमार गोस्वामी और विजय कृष्ण गोस्वामी भी कमेटी का हिस्सा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button