Barabanki News : छात्र ने खुद की किडनैपिंग का बनाया प्लान, पिता को भेजा फिरौती का मैसेज, पुलिस ने ऐसे हटाया ड्रामे से परदा
घर से कॉलेज जाने के बाद शनिवार को वापस नहीं लौटा, मैसेज में पहले 10 फिर 20 लाख की फिरौती मांगी, पिता ने पुलिस से गुहार लगाई तो वाराणसी में मिली लोकेशन, सोमवार की सुबह छात्र को घर लाया गया, पुलिस से बताया परिवार से नाराज होकर बनाया था प्लान

बाराबंकी, 12 अक्टूबर 2026:
यूपी के बाराबंकी स्थित सतरिख से कॉलेज जाने के लिए निकला इंटर का छात्र सूरज (17) शनिवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। देर रात उसके मोबाइल से पिता के फोन पर पहले 10 फिर 20 लाख की फिरौती मांगने का मैसेज आया। रुपये नहीं देने पर छात्र को जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर सर्विलेंस के सहारे खोज शुरू की तो सूरज वाराणसी में मिल गया। सोमवार की सुबह वो घर वापस आ गया। इस दौरान पता चला कि ये सारा ड्रामा झगड़े के बाद परिवार को परेशान करने के लिए किया था लेकिन बाजी पलट गई।
शनिवार को कॉलेज से घर नहीं लौटा
सतरिख निवासी पिंटू गौतम का बेटा सूरज शहर क्षेत्र के कुरौली कस्बा स्थित कॉलेज में पढ़ता है। शनिवार को वह कॉलेज जाने के लिए घर से निकला था। शाम चार बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसके पास मौजूद बेटी के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद परिवार के लोगों ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, मगर कोई जानकारी नहीं मिली।
फिरौती के दो मैसेज आने से घबराए परिजन
इसी बीच रात करीब 10 बजे पिंटू गौतम के मोबाइल पर सूरज के फोन से एक मैसेज आया। मैसेज में कहा गया कि उनका बेटा कब्जे में है। उसे सुरक्षित वापस पाने के लिए 10 लाख रुपये देने होंगे, अन्यथा उसे जान से मार दिया जाएगा। धमकी भरा संदेश मिलने से परिजन घबरा गए। इसी बीच एक और मैसेज 20 लाख मांगने का आया अब परिवार ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
सर्विलांस की मदद से वाराणसी में मिली लोकेशन
पिता शिकायत लेकर सतरिख थाने पहुंचे थे, लेकिन वहां मिले एक सिपाही ने उन्हें वापस भेजते हुए बेटे को खुद तलाशने की सलाह दी। रविवार सुबह परिजन दोबारा थाने पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने छात्र के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की तो वह वाराणसी में मिली। इसके बाद वहां की पुलिस से संपर्क किया गया। वाराणसी पुलिस की मदद से किशोर को सुरक्षित खोज लिया गया। इसके बाद एक टीम छात्र को लेने वाराणसी रवाना हुई।
आज सुबह घर लौटा छात्र, परिवार को परेशान करने के लिए बनाया था प्लान
सोमवार को सुबह छात्र बाराबंकी वापस आ गया। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि वो परिवार से किसी बात को लेकर नाराज था। इसी वजह से दूर जाकर अपने अपहरण का प्लान बनाया और खुद ही फिरौती का मैसेज किया। उसके पास अपनी बहन का मोबाइल था। फिलहाल परिवार बेटे को सकुशल पाकर खुश तो है लेकिन इस शातिर प्लान को लेकर हतप्रभ भी है।






