Lucknow City

BDS छात्र सोशल मीडिया से चला रहा था जिहादी मुहिम, युवाओं को फिदायीन हमलों के लिए था उकसाता

मुरादाबाद से गिरफ्तार आईएस के ऑनलाइन मॉड्यूल से जुड़े युवक से पूछताछ में खुलासा, अल इत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन नाम से अपना एक ऑनलाइन ग्रुप बनाया जिसका मकसद है देश में ‘जंग-ए-जिहाद’ को बढ़ावा देना

लखनऊ, 17 मार्च 2026:

यूपी के एंटी टेररिस्ट स्क्वायड (एटीएस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुनिया के कुख्यात आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के ऑनलाइन मॉड्यूल से जुड़े एक युवक को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी हारिश अली (19) सहारनपुर के मोहल्ला मानक मऊ का निवासी है। वह मुरादाबाद के एक निजी कॉलेज में बीडीएस द्वितीय वर्ष का छात्र बताया जा रहा है।

एटीएस के अनुसार हारिश अली सोशल मीडिया के माध्यम से जिहादी गतिविधियों के लिए लोगों को जोड़ने का काम कर रहा था। उसने अल इत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन नाम से अपना एक ऑनलाइन ग्रुप बनाया था जिसका उद्देश्य देश में ‘जंग-ए-जिहाद’ को बढ़ावा देना और युवाओं को फिदायीन हमलों के लिए उकसाना था।

WhatsApp Image 2026-03-17 at 12.58.22 PM

खुफिया एजेंसियों को सूचना मिली थी कि कुछ लोग आईएस के आतंकी मॉड्यूल से जुड़कर भारत में जिहादी गतिविधियों की साजिश रच रहे हैं। इसके बाद एटीएस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हारिश अली को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम के अलावा इनक्रिप्टेड मैसेजिंग एप्स जैसे सेशन और डिसकॉर्ड पर फर्जी नामों से कई ग्रुप चलाता था। इन ग्रुपों में वह आईएस समर्थित मीडिया चैनलों, पत्रिकाओं और प्रचार सामग्री को साझा करता था। साथ ही मारे गए आतंकियों के फोटो, वीडियो, ऑडियो और कुख्यात आतंकियों के भाषणों का महिमामंडन भी करता था।

एटीएस के मुताबिक हारिश आईएस के एक मीडिया चैनल और मैगजीन ‘दाबिक’ से भी प्रभावित था। उसका संपर्क पाकिस्तान समेत अन्य देशों में बैठे आईएस हैंडलर्स से होने की भी जानकारी मिली है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। एटीएस आज उसे रिमांड पर लेने के लिए अदालत में अर्जी दाखिल करेगी ताकि उसके नेटवर्क और गतिविधियों के बारे में और जानकारी जुटाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button