कोलकाता, 10 अप्रैल 2026:
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे ‘भरोसे का पत्र’ बताते हुए राज्य में बदलाव और विकास का खाका पेश किया। उन्होंने साफ कहा कि पार्टी सत्ता में आई तो मुख्यमंत्री बंगाल का ही होगा।
घोषणापत्र में रोजगार, महिला सुरक्षा, किसानों की आय और सरकारी कर्मचारियों से जुड़े कई बड़े वादे किए गए हैं। पार्टी ने मौजूदा हालात से नाराज लोगों को ध्यान में रखते हुए इसे तैयार करने की बात कही है।
सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ा वादा करते हुए शाह ने कहा कि सरकार बनने के 45 दिनों के भीतर 7वां वेतन आयोग लागू किया जाएगा और डीए भी सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही आयुष्मान भारत समेत केंद्र की सभी योजनाएं तेजी से लागू करने की बात कही गई। यूनिफॉर्म सिविल कोड को भी 6 महीने के भीतर लागू करने का दावा किया गया है।

महिलाओं को केंद्र में रखकर कई घोषणाएं की गई हैं। लक्ष्मी भंडार योजना के तहत हर महीने 3000 रुपये खाते में देने की बात कही गई है। राज्य की बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा, पुलिस समेत सभी सरकारी नौकरियों में 33 फीसदी आरक्षण और हर इलाके में महिला थाने खोलने का वादा भी शामिल है। गर्भवती महिलाओं को 21 हजार रुपये और पोषण किट देने की योजना भी रखी गई है।
युवाओं के लिए भी खास पैकेज का एलान किया गया है। हाल ही में ग्रेजुएट हुए युवाओं को हर महीने 3000 रुपये भत्ता देने की बात कही गई है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को 15 हजार रुपये की एकमुश्त मदद देने का प्रस्ताव है। भर्ती में गड़बड़ी से उम्र पार कर चुके उम्मीदवारों को 5 साल तक की छूट देने की बात भी कही गई है।
किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि के अलावा राज्य की तरफ से 3000 रुपये अतिरिक्त देने का वादा किया गया है। यानी कुल सालाना मदद 9000 रुपये तक पहुंचाने की योजना है। इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास पर भी जोर दिया गया है। उत्तर बंगाल में AIIMS, IIT, IIM और फैशन डिजाइन संस्थान खोलने का वादा किया गया है। कोलकाता मेट्रो के पूरी तरह विद्युतीकरण, 61 रेलवे परियोजनाओं के लिए जमीन उपलब्ध कराने और नए टाउनशिप बसाने की योजना भी घोषणापत्र में शामिल है।
इसके अलावा मवेशी तस्करी पर सख्ती, अवैध कब्जों को हटाने की समयसीमा और सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा देने के लिए ‘वंदे मातरम म्यूजियम’ बनाने जैसे वादे भी किए गए हैं।






