Varanasi

पद्मश्री प्रो. लहरी को थप्पड़ मामले की गूंज CM ने सुनी, ICU पहुंचे मंत्री, कहा- इशारा ठीक नहीं लगा, कमेटी खोजेगी सच

85 वर्षीय पद्मश्री प्रो. टीके लहरी से कथित मारपीट का मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचा, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल ने BHU के ICU में भर्ती प्रो. लहरी से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली, आंख में लालिमा देखकर जताई चिंता, एक हफ्ते में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश

वाराणसी, 7 सितंबर 2026:

यूपी के वाराणसी जिले में डॉ. गॉड कहे जाने वाले पद्मश्री लहरी को थप्पड़ मारने के मामले में नया मोड़ आ गया है। BHU अस्पताल के ICU में भर्ती पद्मश्री प्रो. टीके लहरी के साथ हुई घटना की गूंज अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंच गई है। मामले का संज्ञान लिए जाने के बाद राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल BHU अस्पताल पहुंचे। उन्होंने ICU में भर्ती 85 वर्षीय प्रो. लहरी से मुलाकात कर उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली।

bhu-prof-tk-lahiri-slap-case-investigation-committee-yogi (2)

मंत्री ने देखी आंख में लालिमा, कहा- उनका इशारा ठीक नहीं लगा

ये भी पढ़ें:

मुलाकात के बाद रविन्द्र जायसवाल ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में पूरी घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान प्रो. लहरी की आंखों में उन्हें कुछ लालिमा दिखाई दी। इस बारे में पूछने पर प्रो. लहरी ने इशारे से आंख में परेशानी होने की बात बताई। साथ ही इशारे में खुद को स्वस्थ बताया। मंत्री के मुताबिक प्रो. लहरी का यह इशारा उन्हें ठीक नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने मामले की पूरी जांच कराने के निर्देश दिए।

एक हफ्ते में रिपोर्ट देगी कमेटी

रविन्द्र जायसवाल ने BHU के डायरेक्टर, चीफ प्रॉक्टर, BHU तथा एसीपी भेलूपुर को निर्देश दिया कि पूरे मामले की जांच के लिए कमेटी बनाई जाए। कमेटी घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर एक हफ्ते के भीतर अपनी रिपोर्ट देगी। जांच में प्रो. लहरी के साथ हुई कथित मारपीट, उनकी चोट, ICU में मौजूद परिस्थितियों के साथ परिजनों की शिकायत में लगाए गए आरोपों को शामिल किया जाएगा।

bhu-prof-tk-lahiri-slap-case-investigation-committee-yogi (3)

देखरेख की जिम्मेदारी से हटा आरोपी डॉक्टर

मामले में कार्डियोथोरेसिक विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अरविंद पांडेय पर प्रो. लहरी को गाली देने व थप्पड़ मारने का आरोप लगाया गया है। हालांकि डॉ. पांडेय ने ऐसी किसी हरकत से इनकार किया है। उन्होंने प्रो. लहरी को अपना गुरु बताया है। वहीं, फिलहाल डॉ. अरविंद पांडेय को प्रो. लहरी की देखभाल की जिम्मेदारी से हटा दिया गया है। अब जांच के दौरान यह भी देखा जाएगा कि ICU में घटना के समय क्या हुआ था और प्रो. लहरी को लगी चोट की वजह क्या रही।

bhu-prof-tk-lahiri-slap-case-investigation-committee-yogi (4)

पहले से चल रही है मेडिकल बोर्ड की जांच

परिजनों की शिकायत के बाद BHU प्रशासन पहले ही मामले की जांच के लिए मेडिकल बोर्ड गठित कर चुका है। बोर्ड ने ICU पहुंचकर प्रो. लहरी की स्थिति देखी है। परिवार ने चेहरे पर चोट, आंख लाल होने की बात कहते हुए उनकी पूरी मेडिकल जांच कराने की मांग की है। प्रो. लहरी 27 जनवरी से BHU अस्पताल में भर्ती हैं। परिजनों ने आरोप लगाया था कि 29 अगस्त की रात सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक की पांचवीं मंजिल स्थित कार्डियोथोरेसिक विभाग के ICU में उनके साथ कथित मारपीट हुई। परिवार को इसकी जानकारी 1 सितंबर को विभाग के एक डॉक्टर से मिली थी। इसके बाद परिजनों ने BHU के कुलपति, IMS निदेशक व चिकित्सा अधीक्षक को ईमेल के जरिए शिकायत भेजी।

मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट पर टिकी आगे की कार्रवाई

BHU प्रशासन की ओर से शुरुआती तौर पर पिटाई के आरोपों को सही नहीं माना गया था। चिकित्सा अधीक्षक प्रो. पुनीत कुमार का कहना था कि डॉ. अरविंद पांडेय ही लंबे समय से प्रो. लहरी की देखभाल कर रहे थे। अब डॉ. पांडेय को देखभाल की जिम्मेदारी से हटाए जाने के बाद मामले की जांच और मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट महत्वपूर्ण हो गई है। मंत्री के निर्देश के बाद गठित कमेटी को एक हफ्ते में रिपोर्ट देनी है। इसके बाद ही प्रो. लहरी के साथ कथित घटना को लेकर तस्वीर ज्यादा साफ हो सकेगी।

ये भी पढ़ें  ‘P’ पर छिड़ी सियासी जंग : अखिलेश बोले- BJP का मतलब ‘भाग जाओ पाकिस्तान’, पीड़ा बढ़ेगी तो और मजबूत होगा PDA

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button