लखनऊ, 24 फरवरी 2026:
लखनऊ के लोहिया संस्थान स्थित राम प्रकाश गुप्ता मेमोरियल मातृ एवं शिशु चिकित्सालय परिसर में मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों की सुविधा के लिए नए पीआरए यानी रैन बसेरा भवन का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा कि भवन तैयार होने के बाद प्रदेश के अलग-अलग जिलों से इलाज के लिए आने वाले लोगों को ठहरने की बड़ी सहूलियत मिलेगी और उन्हें इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
इस मौके पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने मीडिया से बातचीत कर राजनीतिक मुद्दों पर भी खुलकर बयान दिया। एआई समिट को लेकर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता खोने के डर में है और लगातार देश की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग मोहब्बत की बात करते हैं वही माहौल बिगाड़ने का काम कर रहे हैं और देश को दुनिया के सामने नीचा दिखा रहे हैं।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पाठक ने कहा कि उनकी राजनीति अब अराजकता की तरफ बढ़ती दिख रही है और यह रवैया लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी की राजनीति में कोई फर्क नहीं है और दोनों एक ही तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। एलयू में हुए प्रदर्शन को लेकर डिप्टी सीएम ने साफ कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करेगा।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष, लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक सीएम सिंह, मातृ एवं शिशु रेफरल सेंटर के सीएमएस श्रीकेश, संस्थान के सीएमएस विक्रम सिंह समेत कई डॉक्टर और अधिकारी मौजूद रहे।






