
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 13 जून 2026ः
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। हरिद्वार रोड स्थित कुआंवाला में आयोजित पार्टी की संगठनात्मक बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति और बूथ प्रबंधन का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत का आधार प्रत्येक बूथ और प्रत्येक वोट होता है। कार्यकर्ताओं को एक-एक मतदाता तक पहुंचकर भाजपा के पक्ष में मजबूत वातावरण को मतदान में बदलना होगा।
राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा के लिए जनता का समर्थन और वातावरण बेहद अनुकूल है। अब कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में अब तक की सबसे बड़ी जीत का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम और सरकार की उपलब्धियों से भाजपा ने प्रदेश में एक बार हार-एक बार जीत के मिथक को तोड़ा है। अब लक्ष्य उत्तराखंड को भाजपा का अभेद दुर्ग बनाना है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं से ‘जहां कम, वहां हम’ के संकल्प के साथ संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व की अपेक्षाओं के अनुरूप प्रदेश में महाविजय का लक्ष्य हासिल करने के लिए चुनाव प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाना होगा। कहा कि सही और सटीक मतदाता सूची चुनावी सफलता की पहली सीढ़ी है। इसके लिए कार्यकर्ता बीएलए 2 के माध्यम से घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची को मजबूत बनाने में सहयोग दें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि त्रुटिहीन मतदाता सूची बनाने का उद्देश्य है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम न कटे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम न रहे। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार राजनीतिक दल के रूप में बैठक में पूर्व सांसद एवं एसआईआर केंद्रीय टीम के सदस्य जमयांग त्सेरिंग नामग्याल ने एसआईआर प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रक्रिया में उनकी भूमिका, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और आवश्यक बिंदुओं के बारे में मार्गदर्शन दिया।
बैठक में राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नरेश बंसल, कल्पना सैनी, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, दीप्ति रावत, मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मदन कौशिक, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, राम सिंह कैड़ा, भारत चौधरी, प्रदीप बत्रा सहित विधायक मुन्ना सिंह चौहान, विनोद कंडारी, प्रेमचंद अग्रवाल, आदेश चौहान, सहदेव पुंडीर, बृजभूषण गैरोला आदि मौजूद रहे।






