एंटरटेनमेंट डेस्क, 20 फरवरी 2026:
अभिनेता बॉबी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म बंदर की रिलीज डेट का आधिकारिक एलान कर दिया गया है। सान्या मल्होत्रा समेत कई कलाकारों से सजी यह फिल्म अब सिनेमाघरों में 22 मई को रिलीज होगी। मेकर्स ने नया पोस्टर जारी करते हुए इसकी तारीख की घोषणा की है, जिसमें बॉबी देओल गंभीर और दमदार लुक में नजर आ रहे हैं।
पहले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हुआ था प्रीमियर
फिल्म का प्रीमियर पिछले साल प्रतिष्ठित Toronto International Film Festival में किया गया था। वहां इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। अब यह फिल्म भारतीय दर्शकों के लिए बड़े पर्दे पर लाई जा रही है। फिल्म में बॉबी देओल के साथ सान्या मल्होत्रा, सबा आजाद और सपना पब्बी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म का निर्माण निखिल द्विवेदी ने किया है।

कहानी एक ऐसे व्यक्ति के इर्द गिर्द घूमती है जो समाज की चालबाजियों और सिस्टम के गलत इस्तेमाल में उलझ जाता है। फिल्म भावनात्मक और सामाजिक पहलुओं को सामने लाने की कोशिश करती है। फिल्म का निर्देशन अनुराग कश्यप ने किया है, जो अपनी रियलिस्टिक और अलग तरह की कहानी कहने की शैली के लिए जाने जाते हैं। गैंग्स ऑफ वासेपुर और ब्लैक फ्राइडे जैसी फिल्मों के बाद दर्शकों को उनसे एक बार फिर मजबूत कंटेंट की उम्मीद है।
रिलीज डेट के साथ सामने आए नए पोस्टर को सोशल मीडिया पर अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फैंस बॉबी देओल के इंटेंस लुक की तारीफ कर रहे हैं और फिल्म को लेकर उत्साह जाहिर कर रहे हैं।






