लखनऊ, 14 फरवरी 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में नगर निगम और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सरोजनीनगर तहसील क्षेत्र के ग्राम मिरानपुर पिनवट में अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया है। बताया जा रहा है कि ग्राम समाज की भूमि पर व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण और प्लॉटिंग कार्य किया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर टीम ने बुलडोजर एक्शन लिया।
राजस्व अभिलेखों के अनुसार ग्राम मिरानपुर पिनवट स्थित 0.544 हेक्टेयर भूमि ग्राम समाज के नाम दर्ज है। इस जमीन पर कब्जे की शिकायत मिली थी। मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने निरीक्षण में अवैध गतिविधियों की पुष्टि की। इसके बाद जेसीबी की मदद से निर्माणाधीन ढांचे को ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई में करीब 4000 वर्गफुट की कीमती सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया।

अधिकारियों के मुताबिक मुक्त कराई गई भूमि की वर्तमान बाजार कीमत लगभग 6 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारियों ने बताया कि सरकारी भूमि पर व्यावसायिक गतिविधियां चलाकर नगर निगम में निहित संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार तेजस्वी प्रकाश, लेखपाल अनुपम कुमार, राजस्व निरीक्षक समर बहादुर सिंह और लेखपाल अमरेन्द्र सिंह मौके पर मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम की ईटीएफ फोर्स के साथ स्थानीय पुलिस बल को तैनात किया गया था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आम लोगों से अपील की गई है कि वे सरकारी भूमि पर अतिक्रमण न करें और यदि कहीं अवैध निर्माण या कब्जे की जानकारी मिले तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें।






