राजाजीपुरम में नगर निगम के खिलाफ लोगों का फूटा गुस्सा, नाला निर्माण बना विवाद की जड़
राजाजीपुरम में नाले के निर्माण को लेकर स्थानीय निवासियों का विरोध तेज हो गया, जिससे काम बंद कराना पड़ा। लोगों ने गलत ढाल, पाइपलाइन के ऊपर निर्माण और भविष्य में दूषित पानी की आशंका जताई
नितिन द्विवेदी
राजाजीपुरम (लखनऊ), 15 जनवरी 2026:
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के राजाजीपुरम सी ब्लाक सेक्टर-13 में नाला निर्माण को लेकर आज स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निर्माण कार्य को तत्काल बंद करा दिया। लोगों का कहना है कि बिना स्थानीय सहमति और सही तकनीकी जांच के नाला बनाया जा रहा है, जिससे भविष्य में बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है।

प्रदर्शन कर रहे संतोष कुमार श्रीवास्तव, अरविंद तिवारी, सुनील पाण्डेय, सुनील अग्रवाल, आलोक तिवारी और विनीत अग्रवाल ने आरोप लगाया कि नगर निगम जलकल विभाग की पाइपलाइन के ठीक ऊपर नाले का निर्माण करा रहा है। यह नाला भवन संख्या सी-5081 से शुरू होकर 4921 होते हुए 4969 तक बनाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि अगर भविष्य में पाइपलाइन में लीकेज हुआ, तो पूरे इलाके में गंदे पानी की सप्लाई हो सकती है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नाला उनकी घरों की दीवारों से सटाकर बनाया जा रहा है। साथ ही नाले की ढाल जिस दिशा में होनी चाहिए, उसके उलट दिशा में बनाई जा रही है। आरोप है कि निर्माण के दौरान कई घरों की सीवर लाइन भी टूट गई है। लोगों का कहना है कि इलाके में जलभराव की कोई समस्या नहीं है, फिर भी नाले का निर्माण जबरन कराया जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर क्षेत्रीय पार्षद से भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या जस की तस बनी रही, जिससे नाराज होकर लोगों को सड़क पर उतरना पड़ा और निर्माण कार्य रुकवाना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने नगर आयुक्त, महापौर और मंडलायुक्त से लिखित शिकायत कर नाला निर्माण कार्य तत्काल रोकने की मांग की है। साथ ही मांग की गई है कि पूरे मामले की तकनीकी जांच कराई जाए और क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही कोई निर्णय लिया जाए।






