मोहम्मद शमी के क्रिकेटर भाई कैफ पर FIR, महिला का गंभीर आरोप- शादी का झांसा देकर यौन शोषण
दूसरे भाई पर धमकी का केस, लखनऊ की महिला का दावा- 2023 में शादी का प्रस्ताव देकर बनाए संबंध, नौकरी छुड़वाई और IPL ऑक्शन के बाद शादी का किया था वादा, सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने पर दर्ज हुआ केस

लखनऊ, 14 सितंबर 2026:
देश के जाने-माने क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई एवं रणजी प्लेयर मोहम्मद कैफ गंभीर आरोपों में घिर गए हैं। लखनऊ के आशियाना क्षेत्र की रहने वाली एक तलाकशुदा महिला ने कैफ पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के आधार पर आशियाना पुलिस ने मोहम्मद कैफ के खिलाफ यौन शोषण और उनके बड़े भाई मोहम्मद हसीब के खिलाफ धमकाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़िता के मुताबिक वह 2023 से 2026 के बीच एक एयरलाइंस में केबिन क्रू के तौर पर काम करती थी। उसकी और मोहम्मद कैफ की पहली मुलाकात 2020 में गाजियाबाद में एक मित्र के माध्यम से हुई थी। उस समय पीड़िता गाजियाबाद में रहती थी। अमरोहा के अलीनगर डिडौली के रहने वाले कैफ कोलकाता में रणजी क्रिकेट खेल रहे थे। दोस्ती धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गई।
अगस्त 2023 में शादी का प्रस्ताव, फिर होटल में संबंध
महिला का आरोप है कि अगस्त 2023 में कैफ ने खुद उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा। पीड़िता तलाकशुदा थी और उसका एक बेटा भी है। आरोप है कि कैफ ने उसकी इस स्थिति पर कोई आपत्ति नहीं होने का भरोसा दिया। इसके बाद 9 सितंबर 2023 को उसे कोलकाता के एक होटल में बुलाया और शादी का वादा करते हुए उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का यह भी आरोप है कि कैफ को उसका केबिन क्रू का काम पसंद नहीं था। शादी के भरोसे के बीच उस पर नौकरी छोड़ने का दबाव बनाया गया और उसने नौकरी छोड़ दी।

शादी की तारीख टली तो सामने आया IPL ऑक्शन का बहाना
महिला के मुताबिक जब भी वह शादी की बात करती तो कैफ किसी न किसी वजह से इसे टाल देता। आरोप है कि उसने दिसंबर 2025 में होने वाले IPL ऑक्शन के बाद शादी करने का वादा किया था। ऑक्शन बीत गया लेकिन शादी नहीं हुई। इसके बाद जब पीड़िता ने फिर शादी के लिए दबाव बनाया तो कैफ ने उससे दूरी बना ली।
भाई से शिकायत की तो धमकी का आरोप
कैफ के शादी से पीछे हटने के बाद पीड़िता ने उसके बड़े भाई मोहम्मद हसीब से शिकायत की। आरोप है कि हसीब ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय उसे धमकाया। इसके बाद एक परिचित के जरिए सुलह के लिए पीड़िता को अमरोहा बुलाया गया जहां भी उसे कथित तौर पर धमकी दी गई।
13 दिन तक थाने से अफसरों तक दौड़ती रही पीड़िता
पीड़िता का आरोप है कि उसने 31 अगस्त को सबसे पहले आशियाना थाने में शिकायत दी लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद वह डीसीपी और फिर एसीपी विभूतिखंड के पास पहुंची। आरोप है कि पुलिस करीब 13 दिनों तक घटनास्थल और थाना क्षेत्र को लेकर उसे टरकाती रही। रविवार को शिकायत सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ। इसके बाद आशियाना थाने में मोहम्मद कैफ और उनके भाई मोहम्मद हसीब के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।






