Lucknow City

आज हजरतगंज क्षेत्र में ट्रैफिक का ‘टेस्ट’… 3 बजे के बाद बिना प्लान निकले तो फंसना तय!

शाम को निकलने वाली नारी आक्रोश मशाल यात्रा के चलते किया गया ट्रैफिक डायवर्जन, दोपहर बाद 3 बजे से लागू होगा, कई प्रमुख मार्ग बंद, वैकल्पिक रास्तों पर बढ़ेगा दबाव, इमरजेंसी सेवाओं को मिलेगी छूट

लखनऊ, 2 मई 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में आज शाम प्रस्तावित नारी आक्रोश मशाल यात्रा के चलते शहर के सबसे व्यस्त इलाके हजरतगंज और आसपास का ट्रैफिक सिस्टम पूरी तरह बदल दिया गया है। दोपहर बाद 3 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर आम वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इससे शहरवासियों को लंबा रूट लेकर सफर करना पड़ेगा।

ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लालबत्ती चौराहा, हजरतगंज चौराहा, विधानसभा मार्ग और डीएसओ चौराहा जैसे अहम रास्तों पर सामान्य यातायात पूरी तरह रोका जाएगा। खासतौर पर लालबत्ती से 1090 चौराहा, समतामूलक चौराहा, पॉलिटेक्निक और चौक की ओर जाने वाले वाहन सीधे नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को कटाई पुल, शहीदपथ (जी-20 चौराहा), कमता तिराहा या कैंट होते हुए लंबा चक्कर लगाना होगा।

इसी तरह पार्क रोड और सिसेण्डी तिराहा से चारबाग और कैसरबाग की ओर जाने वाले रास्तों पर भी रोक रहेगी। इन रूटों पर जाने वाले वाहन दैनिक जागरण चौराहा, सिकंदरबाग, चिरैयाझील और सुभाष चौराहा के रास्ते डायवर्ट किए जाएंगे। गोमतीनगर से चारबाग, आलमबाग या चौक की ओर जाने वाले लोगों को भी राजभवन और हजरतगंज की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें ग्रीन कॉरिडोर या डालीगंज होकर जाना पड़ेगा।

सिर्फ निजी वाहननों के साथ रोडवेज और सिटी बसों के रूट में भी बड़ा बदलाव किया गया है। कई बसों को हजरतगंज और विधानसभा मार्ग से हटाकर ग्रीन कॉरिडोर, डालीगंज, सीडीआरआई और कैंट के रास्ते संचालित किया जाएगा। इससे वैकल्पिक मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की आशंका है।

हालांकि, ट्रैफिक पुलिस ने राहत देते हुए कहा है कि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, शव वाहन और स्कूली वाहनों को जरूरत के अनुसार निकाला जाएगा। किसी भी असुविधा या इमरजेंसी में लोग ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।

इस डायवर्जन को देखते हुए हजरतगंज और उससे जुड़े इलाकों में सफर करने वालों को अतिरिक्त समय लेकर निकलना होगा क्योंकि शहर का दिल आज डायवर्जन मोड में रहेगा।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button