Lucknow City

फिटनेस और पर्यावरण का महापर्व, लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर पर दौड़ेगा शहर, डेढ़ हजार लोग तैयार

झूलेलाल वाटिका से न्यू डालीगंज ब्रिज तक 3.5 किमी ‘ग्रीन रन’, योग-जुम्बा से होगी शुरुआत, सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम

लखनऊ, 2 मई 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को नई गति देने के उद्देश्य से रविवार को ‘ग्रीन रन’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की पहल पर आयोजित यह रन नव निर्मित ग्रीन कॉरिडोर पर झूलेलाल वाटिका से न्यू डालीगंज ब्रिज के बीच 3.5 किलोमीटर की फन रेस के रूप में संपन्न होगी।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार यह आयोजन लोगों को फिटनेस के प्रति प्रेरित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का भी सशक्त माध्यम बनेगा। ग्रीन रन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। इसमें 1500 से अधिक प्रतिभागियों ने भागीदारी सुनिश्चित की है।

इस आयोजन में महिला और पुरुष प्रतिभागी एक साथ दौड़ेंगे। प्रतियोगिता को चार श्रेणियों में विभाजित किया गया है। 18 से 30 वर्ष, 30 से 50 वर्ष, 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग और विशेष रूप से आयोजित युगल दौड़। युगल दौड़ के लिए भी 172 जोड़ों ने पंजीकरण कराया है। यह इस आयोजन को और खास बनाता है।

WhatsApp Image 2026-05-02 at 8.23.51 AM

रविवार सुबह 5 बजे से प्रतिभागी झूलेलाल वाटिका में एकत्रित होंगे। वहां दौड़ से पहले योग और जुम्बा जैसी फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 6 बजे फ्लैग ऑफ के साथ ग्रीन रन की शुरुआत होगी।

प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मार्ग में चार स्थानों पर हाइड्रेशन प्वाइंट बनाए गए हैं। इनमें शुद्ध पेयजल उपलब्ध रहेगा। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस बल और चिकित्सकों की टीम एम्बुलेंस के साथ तैनात रहेगी। आयोजन के दौरान आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया जाएगा।

ग्रीन रन में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट और मेडल दिए जाएंगे, जबकि विजेताओं को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। यह आयोजन शहर में फिटनेस और हरित सोच को एक साथ आगे बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button