Lucknow City

कम बजट में घर का सपना होगा साकार… अटल नगर योजना में 630 फ्लैट्स के लिए फिर मौका

LDA की योजना में कल से 17 मई तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, 1BHK-2BHK फ्लैट्स का लॉटरी से होगा पारदर्शी आवंटन

लखनऊ, 17 अप्रैल 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में सस्ते दर पर घर खरीदने की चाह रखने वालों के लिए राहत भरी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने एक बार फिर अपनी अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम अटल नगर योजना के तहत 630 फ्लैट्स के लिए पंजीकरण खोलने का निर्णय लिया है। इस संबंध में एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने आदेश भी जारी कर दिए हैं।

इस योजना के तहत 18 अप्रैल से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू होगी। यह 17 मई तक चलेगी। इच्छुक आवेदक केवल एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही आवेदन कर सकेंगे। आवंटन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी सिस्टम के जरिए किया जाएगा।

इस बार 630 फ्लैट्स उपलब्ध हैं। इनमें 539 वन बीएचके और 91 टू बीएचके शामिल हैं। देवपुर पारा स्थित अटल नगर आवासीय योजना में 12 से 19 मंजिल तक के 15 टावर बनाए गए हैं। इनमें कुल 2,496 फ्लैट्स हैं। इन फ्लैट्स का क्षेत्रफल 30 वर्गमीटर से 54.95 वर्गमीटर तक है। इनकी शुरुआती कीमत लगभग 9.82 लाख रुपये रखी गई है। इससे पहले भी इस योजना के फ्लैट्स का आवंटन लॉटरी के जरिए किया जा चुका है। शेष बचे फ्लैट्स के लिए अब दोबारा आवेदन मांगे जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें:

एलडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी के अनुसार योजना में रहने वालों के लिए स्वच्छ जल और विद्युत आपूर्ति, लिफ्ट, पावर बैकअप, सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन एरिया, बच्चों के खेलने के लिए पार्क और पर्याप्त पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पंजीकरण शुल्क वन बीएचके के लिए 55,658 रुपये और टू बीएचके के लिए 1,00,852 रुपये निर्धारित किया गया है। यह आवंटन न होने की स्थिति में वापस कर दिया जाएगा।

Advertisement

इस क्रम में एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने योजना स्थल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने करीब 500 चार पहिया वाहनों के लिए मल्टीलेवल पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए और 15 दिनों के भीतर प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने ड्रेनेज, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग और एसटीपी से सीवर लाइन जोड़ने जैसे विकास कार्यों को एक महीने के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  लखनऊ में शेड्यूल्ड पावर कट : आज कई उपकेंद्रों पर मरम्मत कार्य के चलते बिजली रहेगी गुल

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link