रेखा आर्या प्रकरण : SIT की कार्रवाई तेज, मंत्री के लिए बयान, ऑडियो रिकॉर्डिंग की होगी जांच
टीम ने गिरधारी लाल साहू के बरेली स्थित आवास और अन्य ठिकानों पर की थी छापेमारी, उपलब्ध साक्ष्यों व रिकॉर्डिंग के परीक्षण के आधार पर बढ़ेगी कार्रवाई

राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 20 अक्टूबर 2026:
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े प्रकरण में विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई तेज कर दी है। SIT ने मंत्री के बयान दर्ज करने के साथ ही प्रकरण से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी प्राप्त की है। अब इस रिकॉर्डिंग को परीक्षण के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) भेजा जाएगा।
ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच पर टिकी नजरें
इस मामले में ऑडियो रिकॉर्डिंग का विधिवत प्राप्त किया जाना जांच की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। रिकॉर्डिंग को फॉरेंसिक साइंस लैब भेजे जाने के बाद उसकी तकनीकी जांच की जाएगी। हालांकि, रिकॉर्डिंग में क्या बातचीत है, उसकी प्रामाणिकता को लेकर पुलिस की ओर से फिलहाल जानकारी साझा नहीं की गई है। SIT द्वारा मंत्री के बयान दर्ज किए जाने को जांच की आगे बढ़ती प्रक्रिया के रूप में देखा जा रहा है। मामले से जुड़े तथ्यों, उपलब्ध साक्ष्यों और रिकॉर्डिंग के परीक्षण के आधार पर जांच टीम आगे की कार्रवाई करेगी।
बरेली में भी छापेमारी कर चुकी है एसआईटी
एसआईटी रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के बरेली स्थित आवास और अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी कर चुकी है। छापेमारी के दौरान गिरधारी लाल साहू अपने आवास पर नहीं मिले। वे पुलिस कार्रवाई के डर से अंडरग्राउंड हो गए थे, जिस वजह से टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा था। देहरादून पुलिस के अनुसार कोतवाली कैंट में मुकदमा दर्ज है। इस मामले में गिरधारी लाल साहू के विरुद्ध अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की संबंधित धाराओं में भी मामला दर्ज किया गया है।






