Gorakhpur

गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वाली एजेंसियों पर केस दर्ज… मालिक समेत तीन गिरफ्तार

नौसढ़ चौराहे के पास ट्रक और पिकअप से ऊंचे दाम पर बेचे जा रहे थे सिलेंडर, स्टॉक जांच में भी मिली थी गड़बड़ी

हरेंद्र धर दुबे

गोरखपुर, 12 मार्च 2026:

जिले में रसोई गैस की कालाबाजारी और वितरण में अनियमितता की शिकायतों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। दो गैस एजेंसियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, वहीं गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग के आरोप में एजेंसी मालिक व उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है।

बताया गया कि गीड़ा स्थित बाटलिंग प्लांट से आशीष इंडेन गैस सर्विस पीपीगंज के लिए 825 भरे गैस सिलेंडर ट्रक से भेजे गए थे। आरोप है कि सिलेंडरों को गोदाम में उतारने के बजाय ट्रक को नौसढ़ चौराहे के पास रोडवेज के पीछे खड़ा कर दिया गया और वहीं से उन्हें अधिक दाम पर बेचा जाने लगा।

जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर गड़बड़ी पकड़ी। इसके बाद एजेंसी के गोदाम की जांच की गई, जहां स्टॉक में भी अनियमितता पाई गई। इस मामले में एजेंसी के मालिक पवन कुमार वर्मा, परिवहन ठेकेदार मैसर्स प्रेस्टिज मूवर्स, ट्रक चालक अली मोहम्मद और एजेंसी के कर्मचारियों के खिलाफ गोरखनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

इसी तरह कन्हैया इंडेन गैस सर्विस नौसढ़ से जुड़ा है। नौसढ़ चौराहे के पास रोडवेज के पीछे एक पिकअप वाहन में घरेलू गैस सिलेंडर लावारिस हालत में मिले। वाहन पर कन्हैया इंडेन गैस सर्विस का बैनर लगा था। मौके पर मौजूद लोगों ने जांच टीम को बताया कि इसी वाहन से सिलेंडर ऊंचे दाम पर बेचे जा रहे थे। टीम को देखते ही कर्मचारी मौके से भाग गए। इसके बाद एजेंसी के गोदाम की जांच की गई, जहां घरेलू गैस सिलेंडरों के स्टॉक में गड़बड़ी पाई गई। इस मामले में एजेंसी के संचालक के खिलाफ भी आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

घरेलू गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग और तय कीमत से अधिक दाम पर बिक्री के आरोप में पुलिस ने पवन कुमार वर्मा निवासी बुद्धनगर पीपीगंज, अली मोहम्मद निवासी गोपालनगर जिला बलिया और शुभम जायसवाल निवासी पीपीगंज शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button